Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली NMC की हरी झंडी: 50 MBBS सीटों की स्वीकृति पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने जताया हर्ष, कहा- साकार हुआ क्षेत्र का बड़ा सपना

मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को मिली NMC की हरी झंडी: 50 MBBS सीटों की स्वीकृति पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने जताया हर्ष, कहा- साकार हुआ क्षेत्र का बड़ा सपना

 मनेंद्रगढ़ (MCB)

​मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक उपलब्धियों भरा रहा। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) द्वारा मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को शैक्षणिक सत्र के लिए 50 एमबीबीएस (MBBS) सीटों की महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस बड़ी कामयाबी पर क्षेत्र के पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे एमसीबी जिले के लिए गौरव और ऐतिहासिक पल बताया है।

​”भूपेश सरकार और डॉ. चरणदास महंत के प्रयासों का परिणाम”

​पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने इस उपलब्धि पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना का यह सपना पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत जी के सतत प्रयासों और छत्तीसगढ़ की तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुआ था। उन्होंने कहा, “यह मेडिकल कॉलेज हमारे क्षेत्र की जनता के लिए एक संकल्प था, जिसे तत्कालीन सरकार ने धरातल पर उतारा। अब राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) से 50 सीटों की आधिकारिक स्वीकृति मिलना इस सपने के साकार होने की दिशा में सबसे मजबूत और अंतिम कदम है।”

​स्थानीय युवाओं को मिलेगा अवसर, स्वास्थ्य सेवाएं होंगी सुदृढ़

​गुलाब कमरों ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज के विधिवत शुरू होने से जिले के प्रतिभावान युवाओं को अब चिकित्सा शिक्षा (Medical Education) की पढ़ाई के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्हें अपने ही वनांचल और स्थानीय क्षेत्र में रहते हुए गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई करने का सुनहरा अवसर मिलेगा। इसके साथ ही, मेडिकल कॉलेज से संबधित अस्पताल शुरू होने से एमसीबी जिले और आसपास के ग्रामीण अंचलों की स्वास्थ्य सुविधाएं भी काफी मजबूत होंगी और लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।

​क्षेत्रवासियों को दी बधाई, केंद्रीय व राज्य मंत्रियों का जताया आभार

​इस ऐतिहासिक और गौरवमयी उपलब्धि पर पूर्व विधायक गुलाब कमरों ने समस्त एमसीबी जिले व क्षेत्रवासियों को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इसके साथ ही उन्होंने मनेन्द्रगढ़ मेडिकल कॉलेज को यह बड़ी सौगात दिलाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री, छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री तथा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत जी के प्रति भी हृदय से धन्यवाद और आभार प्रकट किया है।

Exit mobile version