सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 12 वार्डों के लिए लखोली स्कूल मैदान में आयोजित अंतिम शिविर में 53 आवेदन प्राप्त
महापौर शिविर में पहुंच स्टालों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने अधिकारियों को दिए निर्देश
राजनांदगांव 14 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत सेवा सेतु कार्यक्रम सरकार आपके द्वार के तहत वार्डों में मेगा कैम्प लगाने की अंतिम कड़ी में आज लखोली स्कूल में 12 वार्ड क्रमश: वार्ड नंबर 29 से 36 एवं 47,49,50 व 51 के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में महापौर श्री मधुसूदन यादव उपस्थित होकर स्टालों का अवलोकन किया। उन्होंने वार्डवासियों से मुलाकात कर उनके आवेदनों के संबंध मे चर्चा किया।
उन्होंने कहा कि आप लोगों द्वारा दिये गये आवेदनों का प्राथमिकता से समाधान किया जायेगा। सरकार की मंशा कि सरकार आपके द्वार के तहत वार्डों में शिविर लगाकर नागरिकों के बीच जाकर उनकी समस्या का समाधान करना तथा उन्हें शासन की जन कल्याणकारी योजनओं की जानकारी देकर लाभ देना है। उन्होंने सभी विभाग के अधिकारियों से कहा कि प्राप्त आवेदनों का छटनी कर प्राथमिकता तय कर यथा संभव समाधान कर आवेदक को अवगत कराया जाए।
महापौर श्री मधुसूदन यादव सहित निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम, महापौर परिषद् के प्रभारी सदस्य श्री डीलेश्वर साहू व श्री शैकी बग्गा, पार्षद श्री चंद्रशेखर लश्करे,श्रीमती रीना सिन्हा, श्रीमती गिरजा निर्मलकर, श्री संतोष साहू, पूर्व पार्षद श्रीमती मिथलेश्वरी वैष्णव, पार्षद प्रतिनिधि श्री संतोष निर्मलकर, श्री हिंछा राम साहू,श्री विजय सिन्हा ने भी शिविर में उपस्थित होकर वार्डवासियों का आवेदन लेकर उन्हें शासन की योजना का लाभ लेने अपील किए।
बसंतपुर निवासी श्री गोलू साहू ने आयुष्मान कार्ड शिविर में नवीनीकरण होने पर कहा कि बसंतपुर के शिविर में मैं नही पहुच पाया था लेकिन आज लखोली शिविर में आने से मेरा आयुष्मान कार्ड नवीनीकरण हुआ, आयुष्मान कार्ड से अब मुझे ईलाज कराने में सुविधा मिलेगी, मैं सरकार को धन्यवाद देता हूं कि आयुष्मान भारत अंतर्गत मेरा कार्ड नवीनीकरण हो गया और इसके लिए मुझे कार्यालय जाना नहीं पड़ा। आज लखोली शिविर में विभिन्न विभागों के मांग से संबंधित 46 एवं शिकायत के 7 कुल 53 आवेदन प्राप्त हुए। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा उपस्थित वार्डवासियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर नि:शुल्क दवा वितरित किया गया तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति के लिए शपथ दिलाई गयी।
शिविर के संबंध में निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम ने बताया कि शासन निर्देशानुसार सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत नागरिकों की शिकायत व समस्या का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण करने तथा उन्हें शासन की योजना का लाभ देने सेवा सेतु कार्यक्रम सरकार आपके द्वार के तहत वार्डों में मेगा कैम्प आयोजित किये गये, आज 12 वार्ड के लिए लखोली मेे शिविर आयोजित किया गया हैै। सभी शिविरों मे प्राप्त आवेदनों का विभागवार छटनी कर उसका प्राथमिकता तय कर निराकरण किया जायेगा। शिविर में सभी विभाग के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।






