* पुरेना में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, प्रधान पाठक तुलेश्वर सेन ने किया ध्वजारोहण…
नर्मदा/छुईखदान/गंडई/खैरागढ़। शासकीय प्राथमिक शाला पुरेना, संकुल केंद्र घिरघोली, विकासखंड छुईखदान में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर से प्रभात फेरी के साथ हुई। विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम्, जय जवान-जय किसान सहित देशभक्ति के नारे लगाते हुए ग्राम के प्रमुख चौक-चौराहों का भ्रमण किया।
प्रभात फेरी के बाद विद्यालय परिसर में अमर शहीदों एवं क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने ध्वजारोहण किया। वहीं आंगनबाड़ी केंद्र पुरेना में ग्राम पटेल राजकुमार जंघेल एवं सरपंच प्रतिनिधि रमेश खरे ने ध्वजारोहण किया।
प्रधान पाठक सेन ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को नमन करते हुए ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यालय की चार वर्षों की उपलब्धियों की जानकारी साझा करते हुए ग्रामीणों से विद्यालय की गतिविधियों से जुड़ने की अपील की।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं अनुशासित तरीके से विद्यालय भेजने, घर पर पढ़ाई के लिए समय देने तथा मोबाइल-टीवी के अनावश्यक उपयोग से दूर रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ बच्चों में संस्कार और अनुशासन का विकास भी जरूरी है।
कार्यक्रम में बच्चों ने कविता, भाषण एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सरपंच प्रतिनिधि रमेश खरे, पंच बिसेसर जंघेल, मुन्नी बाई, ललिता बाई, निर्मला बाई, थानू राम, हिन्छा धुर्वे, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष राम किशुन जंघेल एवं ग्राम पटेल राजकुमार जंघेल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
मितानिन बहनों रूखमणी जंघेल एवं खिलेश्वरी मानिकपुरी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी देते हुए उपस्थित लोगों को अभियान के प्रति जागरूक किया और संकल्प दिलाया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान पाठक तुलेश्वर कुमार सेन ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन गोकुल राम वर्मा ने किया।






