Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

राज्य के कई इलाकों में सुबह से हो रही बारिश, 1 हफ्ते तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

रायपुर : दक्षिण-पश्चिम मानसून (South-west monsoon) के आने वाले 2 दिनों में केरल पहुंचने की संभावना है। इसके आगे बढ़ने की स्थिति अनुकूल बना हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य में बंगाल की खाड़ी से अधिक मात्रा में नमी आ रही है। इस दौरान मौसम विभाग (IMD) ने अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। आने वाले अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होने के आसार नहीं है।

आज सुबह से हो रही बारिश 

राज्य के कई इलाकों में आज सुबह से ही बारिश जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने कोंडागांव, उत्तर बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, गरियाबंद राजनांदगांव और दुर्ग जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ अचानक तेज हवा और आंधी (40-60 किलोमीटर की गति से प्रति घंटे) की संभावना जताई है। वहीं इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिसके साथ ही नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में भी मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ अचानक तेज हवा (30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से) चलने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा तथा कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। अधिकतम तापमान बिलासपुर और पेण्ड्रा रोड में 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान दुर्ग और जगदलपुर में 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड दर्ज किया गया है।

केरल पहुंचने की संभावना

मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा (Meteorologist HP Chandra) ने बताया कि, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आने वाले 2 दिनों में केरल पहुंचने की संभावना है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है। वहीं वर्तमान में एक निम्न दाब का क्षेत्र पूर्व-मध्य अरब सागर में, उत्तर कर्नाटक और गोवा तट से दूर स्थित है, जो अगले 24 घंटों के भीतर और अधिक प्रबल होकर अवदाब के रूप में विकसित हो सकता है। और इसी क्षेत्र से एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ राज्य तक 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है। जिसके अलावा एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका मध्य पाकिस्तान से होते हुए हरियाणा और उत्तर प्रदेश के रास्ते उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश तक लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई तक विस्तारित है। वहीं इन प्रणालियों के प्रभाव से राज्य में बंगाल की खाड़ी से निचले स्तर पर प्रचुर मात्रा में नमी का आगमन हो रहा है।

CG Weather Update 

इन परिस्थितियों को देखते हुए, राज्य में 24 मई को कुछ क्षेत्रों पर हल्की से मध्यम वर्षा अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। जिसके साथ ही, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने और वज्रपात होने की भी आशंका है।

वहीं बस्तर संभाग और इससे लगे दुर्ग और रायपुर संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के आसार हैं, जबकि बिलासपुर, राजधानी रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। जिसके अलावा, 25 मई को राज्य के अनेक स्थानों पर वर्षा होने की संभावना जताई गई है। वहीं, 24 मई को बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दाब का क्षेत्र बनने की भी संभावना है, जो आने वाले दिनों में मौसम को और अधिक सक्रिय बना सकता है।

Exit mobile version