Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

चिरमिरी को ₹5.32 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमिपूजन लंबे समय से लंबित गौरव पथ, सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट कार्यों का हुआ शुभारंभ; बदलेगी शहर की सूरत

चिरमिरी को ₹5.32 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया भूमिपूजन

लंबे समय से लंबित गौरव पथ, सीसी रोड और स्ट्रीट लाइट कार्यों का हुआ शुभारंभ; बदलेगी शहर की सूरत

चिरमिरी/बैकुंठपुर।

एमसीबी जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के विकास को आज एक नई गति मिली है। क्षेत्रवासियों द्वारा लंबे समय से की जा रही सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की मांग को पूरा करते हुए प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल ने आज 5 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न महत्वपूर्ण विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन परियोजनाओं की शुरुआत से चिरमिरी शहर आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा।

इन प्रमुख विकास कार्यों का हुआ शुभारंभ

भूमिपूजन कार्यक्रम के तहत चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और मुख्य मार्गों के कायाकल्प की शुरुआत की गई, जिसमें मुख्य रूप से शामिल हैं:

सड़क नवीनीकरण: हल्दीबाड़ी कालीबाड़ी से बड़ा बाजार तक की जर्जर सड़क का पूर्ण नवीनीकरण कार्य।

गौरव पथ निर्माण: गोदरीपारा से डोमनहिल तक शानदार गौरव पथ का निर्माण।

रिटेनिंग वॉल निर्माण: छोटा बाजार से रेलवे स्टेशन मार्ग पर सुरक्षा के लिहाज से रिटेनिंग वॉल का निर्माण।

आधुनिक बुनियादी सुविधाएं: हल्दीबाड़ी से रेलवे स्टेशन तक सीसी रोड का निर्माण, स्ट्रीट लाइटें और शहर को रोशन करने के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाने के कार्यों का शुभारंभ।

इन सभी विकास कार्यों के पूरा होने से चिरमिरी शहर में न केवल आवागमन सुगम और सुरक्षित होगा, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी बड़ा सुधार आएगा।

एनओसी में हुई देरी, लेकिन जनता से किया वादा किया पूरा: स्वास्थ्य मंत्री

कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि चिरमिरी की जनता और नगर निगम के पार्षदों द्वारा इन सड़कों की मांग लंबे समय से की जा रही थी। उन्होंने कहा:

“माननीय मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के विशेष सहयोग से हमने इन सभी महत्वपूर्ण सड़कों की स्वीकृति दिलाई है। एसईसीएल (SECL) से एनओसी मिलने में हुई देरी और कुछ तकनीकी कारणों की वजह से कार्य प्रारंभ होने में थोड़ा समय जरूर लगा, लेकिन अब टेंडर की सभी प्रक्रियाएं पूरी कर विधिवत भूमिपूजन कर दिया गया है। आने वाले समय में इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बेहतरीन और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।”

जनप्रतिनिधियों और नागरिकों में भारी उत्साह

इस भव्य भूमिपूजन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के साथ नगर निगम महापौर रामनरेश राय, स्थानीय पार्षदगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में चिरमिरी के स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्र में विकास कार्यों की शुरुआत होने से स्थानीय निवासियों ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया है।

Exit mobile version