Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

भालूडिग्गी एवं मटाल की पहाड़ी श्रृंखला में माओवादीयों द्वारा डंप हथियार व हथियार निर्माण उपकरण बरामद

गरियाबंद। थाना मैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ओडिसा सीमा से लगे ग्राम भालूडिग्गी एवं मटाल की पहाड़ी श्रृंखला में जिला पुलिस बल गरियाबंद की ई-30 ऑप्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुये माओवादियों द्वारा डम्प कर रखे गये हथियारों और हथियार निर्माण उपकरणों का जखीरा बरामद किया है।

गरियाबंद जिले में माओवादियों द्वारा डंप हथियार बरामद

यह कार्रवाई 36 घंटे तक चले सघन सर्च अभियान के बाद सफल हुई, जिसमें छह अलग-अलग स्थानों से ऑटोमेटिक हथियार, बीजीएल सेल तथा टेक्निकल वर्कशॉप से जुड़े उपकरण जब्त किये गये।

पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटे माओवादियों से गहन पूछताछ के बाद प्रतिबंधित संगठन सीपीआई (माओवादी) के ओडिसा राज्य कमेटी द्वारा पहाड़ी इलाकों में हथियार छिपाये जाने की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर 6 फरवरी 2026 को ई-30 टीम को रवाना किया गया, जिनके द्वारा लगातार अभियान चलाकर 2 इंसास रायफल, 1 थ्री-नॉट-थ्री, 2 बारह बोर बंदूक, 1 देशी कट्टा,1 सुरका (देशी बीजीएल लांचर), 2 सिंगल शॉट हथियार, 127 जिंदा राउंड, 8 मैग्जीन, 22 बीजीएल सेल, इलेक्ट्रिक वायर के बंडल सहित हथियार बनाने के विभिन्न उपकरण बरामद किये गये।

पुलिस का कहना है कि माओवादियों की टेक्निकल टीम शीर्ष नेतृत्व की निगरानी में आईईडी और देशी हथियारों के निर्माण तथा ऑटोमेटिक हथियारों की मरम्मत का कार्य करती थी। संयुक्त पुलिस बल की इस कार्रवाई से गरियाबंद क्षेत्र में नक्सली हिंसा की संभावनाओं को लगभग समाप्त कर देने का दावा किया गया है।

जिला पुलिस द्वारा संचालित नक्सल उन्मूलन अभियान “ऑपरेशन विराट” के तहत जनवरी 2025 से अब तक 57 हथियार, 300 कारतूस और 21 मैग्जीन जब्त किए जा चुके हैं, जिनमें 28 ग्रेडेड ऑटोमेटिक तथा 29 अन्य हथियार शामिल हैं। वहीं वर्ष 2025-26 के दौरान 240 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 17 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 7 आईईडी बम तथा लगभग 100 मीटर कार्डेक्स वायर भी बरामद किये गये हैं।

Exit mobile version