राजनांदगांव । राजनांदगांव स्थित अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय राष्ट्रीय खेल महोत्सव 2025 (मध्य क्षेत्र, संभाग क्रमांक-2) का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव रहीं। श्रीमती वैष्णव ने कहा कि “खेल में अनुशासन और नियमों का विशेष महत्व होता है। सफलता प्राप्त करने के लिए लक्ष्य निर्धारण, निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच आवश्यक है।” उन्होंने सभी खिलाड़ियों से नियमों का पालन करते हुए खेल भावना से भाग लेने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन हार के बाद मेहनत करना ही असली जीत की ओर कदम है।

उन्होंने बच्चों को नशापान से दूर रहने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और यातायात नियमों का पालन करने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि “खिलाड़ियों को दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उद्देश्य के साथ खेलना चाहिए, जिससे वे अपने माता-पिता, क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकें।” कार्यक्रम में समाजसेवी श्री कोमल सिंह राजपूत ने भी संबोधित करते हुए खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, सुश्री दीक्षा गुप्ता ने बताया कि दो दिवसीय इस आयोजन में 6 जिलों—मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, राजनांदगांव और महासमुंद—के करीब 517 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिताएं: व्यक्तिगत स्पर्धाएं: तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, चेस, जिमनास्टिक, जूडो, टेनिस, शूटिंग, टेबल टेनिस, ताईक्वांडो, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती (फ्री स्टाइल), योग
टीम स्पर्धाएं : बास्केटबॉल, फुटबॉल, हैंडबॉल, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल । प्रतियोगिताएं दिग्विजय स्टेडियम, अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, स्टेट हाई स्कूल, गायत्री स्कूल, कमला कॉलेज, बजरंगपुर स्टेडियम और मोतीपुर अखाड़ा में आयोजित की जा रही हैं। इस अवसर पर पार्षद अमृता सिन्हा, जनप्रतिनिधि रविन्द्र वैष्णव, डिप्टी कलेक्टर मनोज मरकाम, अमीय श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।




