Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

पुत्तरगोदी कला में राजमिस्त्री प्रशिक्षण का समापन, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं टूल किट वितरित

पुत्तरगोदी कला में राजमिस्त्री प्रशिक्षण का समापन, प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं टूल किट वितरित

मोहला । बैंक ऑफ बड़ौदा ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान मानपुर द्वारा ग्राम पंचायत पुत्तरगोदी कला में आयोजित राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम (बैच क्रमांक 07) का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 सितंबर से 14 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया गया।

समापन समारोह में बैंक ऑफ बड़ौदा के लीड बैंक मैनेजर श्री दलजीत गुप्ता, एफएलसीसी से श्री रोहित कुमार पाल तथा स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के संकाय सदस्य श्री नरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं टूल किट वितरित किए।

इस अवसर पर अतिथियों ने प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान अर्जित तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल का उपयोग कर वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें। इससे वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और क्षेत्र के विकास में भी योगदान दे सकेंगे।

एक माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को राजमिस्त्री कार्य से संबंधित तकनीकी जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को निर्माण कार्य के क्षेत्र में दक्ष बनाकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों एवं ग्रामवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त ज्ञान और कौशल के लिए संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Exit mobile version