Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ, अब 136 प्रकार की जांचें होंगी नि:शुल्क स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया उद्घाटन, एम्स जैसी जांच सुविधाएं अब जिले में ही उपलब्ध

220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ, अब 136 प्रकार की जांचें होंगी नि:शुल्क

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया उद्घाटन, एम्स जैसी जांच सुविधाएं अब जिले में ही उपलब्ध

एमसीबी,मनेन्द्रगढ़, । जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई ऊंचाई देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 220 बिस्तरीय सिविल अस्पताल मनेन्द्रगढ़ में अत्याधुनिक अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के करकमलों से संपन्न हुआ। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) एमसीबी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वास्थ्य मंत्री द्वारा फीता काटकर लैब के उद्घाटन से हुई। इसके पश्चात उन्होंने लैब का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आधुनिक मशीनों एवं जांच सुविधाओं की जानकारी ली।

*55 से बढ़कर 136 प्रकार की जांचें होंगी उपलब्ध*

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे ने बताया कि अब तक जिला अस्पताल में लगभग 50 से 55 प्रकार की जांचें ही संभव थीं, लेकिन अटल आरोग्य लैब शुरू होने के बाद 136 प्रकार की बीमारियों से संबंधित जांचें पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि जिले के अन्य शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों से भी सैंपल एकत्र कर जांच के लिए मनेन्द्रगढ़ भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट सीधे चिकित्सकों और मरीजों के मोबाइल फोन तक पहुंचाई जाएगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और रिपोर्ट मिलने में होने वाली देरी समाप्त होगी। इससे मरीजों को जांच के लिए रायपुर या एम्स जैसे बड़े संस्थानों की ओर रुख करने की आवश्यकता भी कम होगी।

डॉ. खरे ने हाल ही में सिविल अस्पताल में एक ही दिन में हुई 9 जटिल सर्जरियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह जिले में बढ़ती स्वास्थ्य सुविधाओं, विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण है।

*एक दिन भी इंतजार नहीं करना चाहते थे : स्वास्थ्य मंत्री*

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ जल्दबाजी में नहीं बल्कि जनता के हित को प्राथमिकता देते हुए किया गया है।

उन्होंने कहा, “हम एक भी दिन देरी नहीं करना चाहते थे। जितनी जल्दी यह सुविधा शुरू होती, उतनी जल्दी क्षेत्र के लोगों को 136 प्रकार की आधुनिक जांचों का लाभ मिलना संभव होता। इसलिए औपचारिकताओं की बजाय जनता को सुविधा देना अधिक आवश्यक था।”

*अटल जी के सपनों को साकार कर रही है सरकार*

श्री जायसवाल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का सपना था कि देश के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचें। अटल आरोग्य लैब उसी सोच का साकार स्वरूप है।

उन्होंने बताया कि मनेन्द्रगढ़ में प्रारंभ हुई यह लैब प्रदेश की चौथी अटल आरोग्य लैब है और आगामी एक सप्ताह के भीतर छत्तीसगढ़ के सभी 28 जिलों में यह सुविधा शुरू हो जाएगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि किसी भी बीमारी के उपचार का आधार सही जांच और सटीक पहचान होती है। यदि बीमारी का सही पता नहीं चलेगा तो उपचार भी प्रभावी नहीं हो सकेगा। इसी सोच के साथ राज्य सरकार एम्स स्तर की जांच सुविधाएं जिला स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है।

*अस्पतालों में आया बड़ा बदलाव*

अपने संबोधन में श्री जायसवाल ने कहा कि विधायक रहते हुए वे अस्पतालों में सफाई, खराब पंखे और मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे उठाया करते थे, लेकिन आज उन्हें संतोष है कि अस्पताल आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अस्पतालों में वातानुकूलित वार्ड, अत्याधुनिक मशीनें, बड़ी जांच सुविधाएं, डॉक्टरों एवं स्टाफ की भर्ती तथा स्थानीय स्तर पर जटिल ऑपरेशन जैसी व्यवस्थाएं स्वास्थ्य क्षेत्र में सरकार की जनहितैषी सोच को दर्शाती हैं।

*सभी जांचों को आभा आईडी से जोड़ने के निर्देश*

स्वास्थ्य मंत्री ने मंच से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी जांचों को आभा (ABHA) हेल्थ आईडी से जोड़ा जाए, ताकि मरीज का पूरा चिकित्सा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहे। इससे भविष्य में प्रदेश या देश के किसी भी अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों को मरीज की संपूर्ण स्वास्थ्य जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

*आयुष्मान योजना में देश में अग्रणी है छत्तीसगढ़*

श्री जायसवाल ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उपचार उपलब्ध कराने में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।

उन्होंने बस्तर संभाग में चल रहे घर-घर स्वास्थ्य जांच अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 36 लाख आबादी वाले क्षेत्र में मात्र डेढ़ माह के भीतर 24 लाख लोगों की जांच पूरी की जा चुकी है। अब दूसरे चरण में सरगुजा संभाग को लक्ष्य बनाया गया है। इस अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और भविष्य में यह प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करेगा।

*जल्द शुरू होंगी डायलिसिस और सीटी स्कैन सुविधाएं*

स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि जिला अस्पताल चिरमिरी में शीघ्र ही डायलिसिस सेंटर तथा सीटी स्कैन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे मरीजों को गंभीर बीमारियों के उपचार और जांच के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इस अवसर पर पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल केसरवानी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिमा यादव, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र पटवा, नगर पंचायत झगराखांड अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा, जनप्रतिनिधिगण, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

दरअसल अटल आरोग्य लैब का शुभारंभ न केवल मनेन्द्रगढ़ बल्कि पूरे एमसीबी जिले के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे हजारों मरीजों को आधुनिक और नि:शुल्क जांच सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

Exit mobile version