गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव । शहर के लखोली क्षेत्र में जर्जर बिजली पोलों को लेकर प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। क्षेत्र में लगातार बिगड़ती विद्युत व्यवस्था और खतरनाक स्थिति में खड़े बिजली पोलों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट अभिमन्यु उदय मिश्रा और ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सोनी के नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं और रहवासियों ने बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता कौशलेंद्र पांडे से मुलाकात कर समस्याओं को लेकर कड़ा विरोध जताया। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को बताया कि लखोली क्षेत्र में एक बिजली पोल अत्यंत जर्जर स्थिति में है, जो लगातार हिल रहा है और किसी भी समय गिर सकता है। इससे आसपास के रहवासियों की जान-माल को गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विभाग और संबंधित ठेकेदार द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बताया गया कि ठेकेदार संतोष देवांगन ने लगभग तीन सप्ताह पहले मौके का निरीक्षण कर पोल को बदलने की आवश्यकता स्वीकार की थी, इसके बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वहीं इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अभिमन्यु मिश्रा ने कहा कि यह सिर्फ एक पोल का मामला नहीं, बल्कि पूरे शहर में कई स्थानों पर जर्जर और क्षतिग्रस्त बिजली पोल खड़े हैं, जो प्रशासन की लापरवाही का प्रमाण हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते इन्हें नहीं बदला गया तो बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी। उन्होंने मांग की कि पूरे शहर में तत्काल व्यापक सर्वे कराया जाए और सभी खतरनाक पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए।
इसके साथ ही संबंधित ठेकेदारों की भूमिका की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान स्थानीय युवाओं और क्षेत्रवासियों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। वहीं, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सोनी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो युवा कांग्रेस और स्थानीय जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन, घेराव और सड़क पर प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं मौके पर सागर ताम्रकार, विकास यादव, निमेष देशलहरे, कृष्णा सिन्हा, सागर सिन्हा, लक्ष्य, पुष्कर रजक, मयंक खरे सहित अन्य युवा उपस्थित रहे।
