31 हजार विजेता, 21 हजार उपविजेता पुरस्कार — बलदेव सिंह भाटिया व बहादुर अली का सहयोग
50-50 फार्मूले से स्थानीय खिलाड़ियों को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
राजनांदगाँव _रुद्राक्षम् वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में बहुप्रतिष्ठित 5वीं छत्तीसगढ़ हॉकी लीग 2025 का आयोजन 21 से 28 दिसंबर तक ढाबा रोड स्थित चीखली स्कूल मैदान में किया जाएगा। आठ दिवसीय इस अखिल भारतीय हॉकी टूर्नामेंट में देश एवं प्रदेश की 12 नामी टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
हॉकी खेल और खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन देने वाले समाजसेवी बलदेव सिंह भाटिया द्वारा अपने पूज्य पिताजी स्व. सुरजीत सिंह भाटिया की स्मृति में प्रतियोगिता की विजेता टीम को ₹31,000 की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं समाजसेवी बहादुर अली द्वारा अजीज मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से उपविजेता टीम को ₹21,000 की नगद पुरस्कार राशि दी जाएगी।
भव्य स्वागत एवं रैली
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का स्वागत रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा। इसके पश्चात चिखली चौक से चीखली स्कूल मैदान तक रैली के माध्यम से खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएँ
आयोजकों द्वारा खिलाड़ियों के लिए भोजन, आवास, मेडिकल टीम, आपात सेवाएँ, पेयजल, आवागमन हेतु ईको-फ्रेंडली वाहन, मैच ऑफिशियल्स की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, बेस्ट प्लेयर, बेस्ट दर्शक पुरस्कार भी प्रतियोगिता का आकर्षण होंगे।
फ्लड लाइट में होंगे मुकाबले
सांसद संतोष पाण्डेय द्वारा घोषित फ्लड लाइट का कार्य तीव्र गति से जारी है। उम्मीद है कि प्रतियोगिता प्रारंभ होने से पूर्व कार्य पूर्ण हो जाएगा, जिससे मैच फ्लड लाइट में आयोजित किए जा सकेंगे।
50-50 फार्मूले से मिलेगा सुनहरा अवसर
अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं NIS गोल्ड मेडलिस्ट कोच मृणाल चौबे ने बताया कि प्रतियोगिता में 50 प्रतिशत टीमें छत्तीसगढ़ से और 50 प्रतिशत अन्य राज्यों से शामिल होंगी। इस फार्मूले से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट फॉर्मेट में खेली जाएगी, जिससे खिलाड़ियों को अधिक मैच और बेहतर प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव प्राप्त होगा।
भाग लेने वाली प्रमुख टीमें
खेलो इंडिया सेंटर, राजनांदगाँव,जिला हॉकी संघ, राजनांदगाँव,अमरावती एकादश (महाराष्ट्र),आर.के. रॉय हॉकी अकादमी, पटना (बिहार)
भोपाल एकादश (मध्यप्रदेश),सेल हॉकी अकादमी, राउरकेला (ओड़िशा),तमिलनाडु एकादश, चेन्नई,मेंघबरन सिंह हॉकी अकादमी, गाज़ीपुर (उत्तर प्रदेश)
स्टेट खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, बिलासपुर,जिला हॉकी संघ, कवर्धा,जिला हॉकी संघ, दुर्ग,झारखंड एकादश
पत्रकार वार्ता में उपस्थित वार्ड पार्षद शिव वर्मा एवं सुनील साहू ने बताया कि पटरी पार क्षेत्र में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हॉकी प्रतियोगिता आयोजित हो रही है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों की उपस्थिति की भी प्रबल संभावना है।