राजनांदगांव । शहर की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेने के लिए महापौर मधुसूदन यादव ने मंगलवार सुबह वार्ड क्रमांक 30, 31 और 32 का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कंचन बाग, जनता कॉलोनी, केशर नगर अटल आवास और राहुल नगर का दौरा कर सड़क, नाली, सफाई और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जलभराव और नाली निर्माण पर रहेगा फोकस
निरीक्षण के दौरान कंचन बाग स्थित बांस टाल क्षेत्र में बारिश के कारण जलभराव की समस्या सामने आई। महापौर ने यहां पीसीसी सड़क और नाली निर्माण कराने के निर्देश दिए। वहीं केशर नगर अटल आवास और जनता कॉलोनी में भी जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए नालियों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।

राहुल नगर की पेयजल समस्या दूर करने के निर्देश
राहुल नगर में लंबे समय से पेयजल समस्या की शिकायत मिलने पर महापौर ने अधिकारियों को मदरसा रोड और गौरा चौरा के पास पाइपलाइन कनेक्शन जोड़कर पानी की आपूर्ति बेहतर करने के निर्देश दिए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र के एक हिस्से में अब बेहतर दबाव (प्रेशर) के साथ पानी मिलना शुरू हो गया है। इस पर उन्होंने महापौर का आभार जताते हुए शेष इलाके में भी जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

सामुदायिक भवन को मिली मंजूरी
वार्डवासियों और पार्षदों की मांग पर महापौर ने महापौर निधि से सामुदायिक भवन निर्माण की स्वीकृति देने की घोषणा की। साथ ही कंचन बाग क्षेत्र से आने वाले बरसाती पानी की निकासी के लिए राहुल नगर में नए नाले के निर्माण का प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
स्वच्छता बनाए रखने की अपील
महापौर ने केशर नगर अटल आवास का निरीक्षण कर रहवासियों से घरों की साफ-सफाई बनाए रखने और घरेलू कचरा स्वच्छता दीदियों को ही सौंपने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





