जंगल में मंगल, 52 परियों के साथ 9 जुआरी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त

मुंगेली : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में जुआ और सट्टा माफियाओं के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। मुंगेली पुलिस अधीक्षक (SP) भोजराम पटेल के कड़े निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। साइबर सेल और खुड़िया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने खुड़िया क्षेत्र के घने जंगलों में चल रहे एक हाई-प्रोफाइल जुआ फड़ पर अचानक धावा बोलकर 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से नकदी, बाइक और मोबाइल समेत कुल 7 लाख 33 हजार 500 रुपये का माल जब्त किया है।

घने जंगल के बीच चल रहा था ‘काटपत्ती’ का खेल

पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम झिरिया महुआमाचा के सुनसान जंगल के बीचों-बीच बड़े पैमाने पर हार-जीत का दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने पूरी प्लानिंग की और जंगल की घेराबंदी कर दी। जब टीम मौके पर पहुंची, तो वहां ‘काटपत्ती’ का खेल धड़ल्ले से चल रहा था। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई, लेकिन मुस्तैद जवानों ने चारों तरफ से घेरकर 9 आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची:

पकड़े गए आरोपियों में दयाराम साहू, दिलीप दिवाकर, रमाकांत शर्मा, चंदरेश साहू, राजेंद्र नवरंग, रामसिंह डहरिया, रामचंद्र साहू, सुशील ध्रुव और धर्मेंद्र भास्कर शामिल हैं। ये सभी आरोपी अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं जो इस सुनसान ठिकाने पर जुआ खेलने जुटे थे।

9 मोटरसाइकिलें, 8 मोबाइल और नकदी जब्त

पुलिस ने इस रेड में जुआरियों के पास से भारी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया है। फड़ से 53,500 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश बरामद किए गए। इसके अलावा, जुआरियों के 8 महंगे स्मार्टफोन (कीमत करीब 2.40 लाख रुपये) और मौके पर खड़ी 9 मोटरसाइकिलें (कीमत करीब 4.40 लाख रुपये) भी पुलिस ने राजसात कर ली हैं।

जुआ एक्ट के साथ बीएनएसएस (BNSS) की कड़क धाराएं

मुंगेली पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। सिर्फ इतना ही नहीं, इलाके में दोबारा ऐसी अवैध गतिविधि न हो और शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस ने बीएनएसएस (BNSS) की संबंधित धाराओं के तहत बाउंड ओवर (प्रतिबंधात्मक) की कड़ी कार्रवाई भी की है।

मुंगेली पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में जुआ, सट्टा और अवैध शराब जैसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत ऐसी ताबड़तोड़ कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।