Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

ताश खेल रहे 14 जुआरी हुए गिरफ्तार, जानिए पूरा मामला !

बिलासपुर : कोटा पुलिस थाना क्षेत्र के एक फार्म हाउस में ताश की बिछी गड्डियों पर किस्मत आजमा रहे 14 ‘शहरी रणनीतिकारों’ की महफिल तब बिखर गई जब वहां पुलिस का छापा पड़ गया। शहर के जाने-माने मोहल्लों से जुटे ये जुआरी बड़े दांव पर खेल रहे थे। इस बार दांव उल्टा पड़ गया। फार्म हाउस से न केवल लाखों की नगदी प्राप्त हुई है। बल्कि मोबाइल और लग्जरी गाड़ियों की कतार देख ऐसा लगा जैसे ताश का खेल नहीं, कोई बड़ा ‘इन्वेस्टमेंट मीट’ चल रहा हो।

खुफिया सूचना पर जब टीम ने अजयपुर स्थित बंटी कश्यप के फार्म हाउस में दबिश दी, तो वहां ताश की पत्तियों के बीच फंसी 3,04200 रुपये की नगदी मिली, साथ में 17 मोबाइल और 5 लग्जरी गाड़ियाँ भी बरामद की गईं। भागने की कोशिश में कुछ हाथ नहीं आया, पर 14 खिलाड़ियों की ‘शानदार पारी’ यहीं पर कैच कर ली गई। जो गाड़ियाँ पकड़ी गईं, उनमें इनोवा, टिआगो, बलैनो, किया सेल्टॉस और ब्रेज़ा शामिल हैं। खेल छोटे लेवल का नहीं था, ‘लक्ज़री जुआ मंडली’ की थी।

पकड़े गए खिलाड़ियों की सूची भी किसी VIP मीटिंग से कम नहीं—

68 वर्ष के मिश्रीलाल कश्यप से लेकर 24 वर्ष के यशोधर कश्यप तक, हर उम्र के ताश प्रेमी वहां मौजूद थे। अशोक नगर, मंगला, कुदुदण्ड, राजकिशोर नगर, तेलीपारा, ईमलीपारा और खमतराई जैसे इलाकों से आई इस टोली में दीपक सोनी, शांतनु बघेल, प्रदीप पांडेय, राजकुमार तेजवानी जैसे नाम भी शामिल हैं। नाम सुनकर यह लग सकता है कि कोई रिट्रीट कैंप हो रहा हो, लेकिन हकीकत में ये ‘ताश के वॉरियर्स’ अपनी किस्मत आजमा रहे थे – अफसोस, इस बार किस्मत ने उनका साथ नहीं दिया।

 

Exit mobile version