महिलाओं को मात्र 1 रूपये में सेनेटरी नेपकिन

* महिलाओं को मात्र 1 रूपये में सेनेटरी नेपकिन, विधायक रिकेश की जनसेवा में जुड़ी एक और कड़ी…
* विधायक कार्यालय में लगेगी ऑटोमेटिक सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन, माताओं-बहनों को मिलेगी सहज और किफायती सुविधा

महिलाओं को मात्र 1 रूपये में सेनेटरी नेपकिनभिलाई नगर, 04 सितंबर। वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में जनसेवा को केवल घोषणाओं तक सीमित न रखते हुए उसे आम नागरिकों की रोजमर्रा की जरूरतों से जोड़ने की दिशा में विधायक रिकेश सेन की पहल लगातार आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में अब विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं और किशोरियों के लिए मात्र 1 रुपये में सेनेटरी नेपकिन उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू की जा रही है।

गणेश चतुर्थी, 14 सितंबर 2026 से श्वेताम्बर जैन मंदिर, जीरो रोड शांति नगर स्थित वैशाली नगर विधायक कार्यालय में ऑटोमेटिक सेनेटरी नेपकिन वेंडिंग मशीन लगाई जा रही है। इसके माध्यम से माताएं-बहनें जरूरत के समय बेहद सरल तरीके से मात्र 1 रूपये में सेनेटरी नेपकिन प्राप्त कर सकेंगी।

महिला स्वास्थ्य और गरिमा को प्राथमिकता
विधायक रिकेश सेन ने यह जानकारी देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक उद्देश्य जनता की समस्याओं को समझना और उनके समाधान को सरल, सहज और सम्मानजनक बनाना है। सेनेटरी नेपकिन जैसी आवश्यक वस्तु को आसानी से और बेहद कम कीमत पर उपलब्ध कराने की यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा से सीधे जुड़ी है।

विशेष रूप से जरूरतमंद महिलाओं के लिए यह सुविधा उस समय उपयोगी साबित हो सकती है, जब उन्हें तत्काल सेनेटरी नेपकिन की आवश्यकता हो। विधायक कार्यालय में मशीन की उपलब्धता से महिलाओं को इसे प्राप्त करने के लिए अलग-अलग स्थानों पर जाने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

वैशाली नगर विधायक कार्यालय पहले से ही विभिन्न जनोपयोगी सेवाओं और योजनाओं के संचालन का केंद्र बना हुआ है। यहां ब्लड चेकअप, एक्स-रे, सोनोग्राफी, डायलिसिस, मोतियाबिंद ऑपरेशन, पावर चश्मा, दुल्हन का ब्राइडल मेकअप और मेहंदी सहित अनेक सेवाओं के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। अब 14 सितंबर से सेनेटरी नेपकिन की 1 रूपये वाली सुविधा इन सेवा कार्यों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में जुड़ जाएगी।

अंतिम व्यक्ति तक सुविधा के विजन पर जोर
विधायक रिकेश की जनसेवा की कार्यशैली में यह सोच प्रमुखता से दिखाई देती है कि सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुविधाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक बिना किसी भेदभाव के, सरल तरीके से पहुंचे। इसी विजन के तहत विधायक कार्यालय को केवल राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र न बनाकर जनसुविधा और सेवा का केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सेनेटरी नेपकिन की यह नई सुविधा इसी सोच का हिस्सा है, जहां छोटी लेकिन बेहद जरूरी जरूरतों को भी जनसेवा के दायरे में शामिल किया जा रहा है। 14 सितंबर से शुरू होने वाली यह पहल वैशाली नगर विधानसभा की महिलाओं के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मसम्मान से जुड़ी एक उपयोगी सुविधा के रूप में देखी जा रही है।

ताज़ा खबरे

Video News

"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है। 

error: \"छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़\" के कंटेंट को कॉपी करना अपराध है।