Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने वाला युवक “मेहताब कुरैशी” गिरफ्तार

Crime News Bhilai

सुपेला में धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने वाला युवक गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

भिलाई/दुर्ग। थाना सुपेला क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्टील का एक धारदार हथियार बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लक्ष्मी नगर सुपेला स्थित शराब भट्ठी के पास एक व्यक्ति धारदार स्टील का हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही थाना सुपेला पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को हथियार लहराते हुए पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान मेहताब कुरैशी (22 वर्ष), निवासी निजामी चौक, फरीद नगर, सुपेला, थाना सुपेला, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक धारदार स्टील का हथियार जब्त किया और विधिवत गिरफ्तारी की कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन कर आने-जाने वाले लोगों में भय का माहौल पैदा करने का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस ने समय पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को हथियार सहित पकड़ लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी अपराध क्रमांक 1238/2020, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, पीएसआई जावेन्ती ध्रुव, सउनि गंगाराम रावत, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत एवं सूर्यप्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी व्यक्ति द्वारा हथियार का प्रदर्शन कर लोगों को डराने-धमकाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास किए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version