Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

*जीएसटी दरों में कमी से जनता को सीधा लाभ : योगेश खत्री*

➡️ कहा – मोदी सरकार का निर्णय जनहित और देश की प्रगति की दिशा में बड़ा कदम

राजनांदगांव।भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश सदस्य योगेश खत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लिए गए ऐतिहासिक फैसले के अंतर्गत रोज़मर्रा की ज़िंदगी में इस्तेमाल होने वाले कई सामानों पर जीएसटी दरों में कमी की गई है। यह निर्णय 22 सितंबर से पूरे देश में लागू होगा, जिससे आम जनता को सीधे तौर पर राहत मिलेगी।
श्री खत्री ने आगे कहा कि भाजपा सरकार हमेशा से ही गरीब, किसान, व्यापारी और आम उपभोक्ता के हितों की रक्षा के लिए काम करती रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा लिया गया यह कदम सबका साथ सबका विश्वास सबका प्रयास की भावना का जीवंत उदाहरण है। यह फैसला न केवल जनता का विश्वास मजबूत करेगा बल्कि देश की आर्थिक प्रगति को भी नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि महंगाई के दौर में यह निर्णय आम आदमी के लिए राहत की सांस लेकर आया है। दैनिक जीवन में इस्तेमाल होने वाले सामान पर जीएसटी घटने से उपभोक्ताओं की जेब पर बोझ कम होगा और बाजार में रौनक भी बढ़ेगी। इससे छोटे व्यापारियों से लेकर बड़े कारोबारी वर्ग तक सभी को फायदा होगा। मोदी सरकार की मंशा स्पष्ट है कि जनता को सुविधा राहत और विकास देना।

यही कारण है कि समय-समय पर ऐसे निर्णय लिए जाते हैं जो सीधे तौर पर आम नागरिक के जीवन स्तर को बेहतर बनाते हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक बताते हुए आगे कहा कि यह कदम समाज के हर वर्ग को लाभान्वित करेगा और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा।भाजपा सरकार की यही कार्यशैली उसे जनता का विश्वास दिलाती है। जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नीति बनाना और उसे धरातल पर उतारना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है। यही वजह है कि आज देश की जनता मोदी सरकार के फैसलों को भरोसे और उम्मीद की नज़र से देखती है।

राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट

Exit mobile version