Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

फील्ड पर दिखे योजनाओं के काम – उप मुख्यमंत्री अरुण साव


उप मुख्यमंत्री ने नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा की
समय-सीमा तय कर योजनाओं के काम पूर्ण करने के दिए निर्देश, कार्यों की गुणवत्ता और जन सुविधाओं का ध्यान रखने पर बल
‘वीमेन फॉर ट्री’ के तहत नगरीय निकायों में लगाए जा रहे कुल 1.66 लाख पौधे

रायपुर _उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज नवा रायपुर स्थित विश्राम भवन में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक योजना की स्पष्ट समय-सीमा तय की जाए और कार्यों का असर फील्ड पर साफ दिखाई देना चाहिए। सभी कार्यों में गुणवत्ता और जन सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने गौधाम योजना के क्रियान्वयन के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने और अटल व नालंदा परिसरों के निर्माण में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

साव ने कहा कि विभाग नवाचार के साथ योजनाओं का सुदृढ़ीकरण और विस्तारीकरण करे। नगरीय निकायों के सेट-अप पुनरीक्षण, वर्गीकरण और रिक्त पदों पर भर्ती के लिए समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी निकाय में वेतन भुगतान में विलंब नहीं होना चाहिए। दीपावली से पहले सभी वार्डों में प्रकाश व्यवस्था और पर्याप्त स्ट्रीट लाइटिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

‘वीमेन फॉर ट्री’ योजना की समीक्षा करते हुए श्री साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को पूरे देश में मध्यप्रदेश के बाद सर्वाधिक वृक्षारोपण की मंजूरी मिली है। 27.48 करोड़ रुपए की लागत से 444 परियोजनाएँ स्वीकृत हुई हैं, जिसके तहत एक लाख 66 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। पौधों की देखभाल और सुरक्षा का कार्य 1701 महिला समूहों को सौंपा गया है। अब तक 1.33 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं, जो लक्ष्य का 80 प्रतिशत है। शेष पौधरोपण सितम्बर माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राज्य बजट से स्वीकृत 21 जल प्रदाय परियोजनाओं और एसटीपी निर्माण की समीक्षा भी की गई। उप मुख्यमंत्री ने प्राक्कलन, निविदा और क्रियान्वयन कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन, अमृत मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और निर्धारित समय-सीमा में इन्हें पूरा करने पर बल दिया।

बैठक में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का, उप सचिव डॉ. रेणुका श्रीवास्तव, सूडा के सीईओ शशांक पाण्डेय, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, मुख्य अभियंता राजेश शर्मा सहित विभाग और सूडा के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version