गुरुदेव देवांगन, रायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष ममता साहू के नेतृत्व में आयोग के सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों, उनके अधिकार, सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान राज्य महिला आयोग से संबंधित विभिन्न विभागीय विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। आयोग और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ महिलाओं के हित में प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों के संरक्षण और उन्हें सशक्त बनाने से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। आयोग के सदस्यों ने महिला हितों से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर मुख्यमंत्री के साथ अपने विचार साझा किए।
राज्य महिला आयोग की ओर से कहा गया कि महिलाओं से जुड़े मामलों के प्रभावी निराकरण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संस्थागत स्तर पर बेहतर समन्वय जरूरी है। इसी दिशा में आयोग और सरकार के बीच समन्वय को और मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
