Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

देर रात मौसम ने ली करवट, तेज बारिश के बाद अब छत्तीसगढ़ में मानसून एंट्री का बड़ा संकेत

गुरुदेव, रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार देर रात हुई तेज बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दी। कई दिनों से तपती गर्मी झेल रहे लोगों के लिए यह बारिश किसी राहत भरी खबर से कम नहीं रही। मौसम विभाग ने इस बारिश को प्री-मानसून गतिविधि बताया है।

मंगलवार सुबह से भी रायपुर का मौसम बदला-बदला नजर आया। आसमान में बादल छाए रहे और मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि शहर में भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन मौसम विभाग ने हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।

अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ पहुंच सकता है दक्षिण-पश्चिम मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के अगले 3 दिनों में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना बन रही है। इसके लिए वातावरण पूरी तरह अनुकूल होता जा रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि 11 जून से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। कई जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

राजनांदगांव रहा सबसे गर्म, तापमान पहुंचा 43.5 डिग्री

प्रदेश में सोमवार को एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। बस्तर जिले के तोकापाल में करीब 1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

वहीं तापमान की बात करें तो राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

मौसम विभाग ने बताया क्यों बदल रहा है मौसम?

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही एक द्रोणिका उत्तरप्रदेश से होते हुए मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्रप्रदेश तक फैली हुई है।

इसी सिस्टम की वजह से प्रदेश में मौसम तेजी से बदल रहा है और बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।

रायपुर का आज का मौसम कैसा रहेगा?

मंगलवार को रायपुर में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक:

– अधिकतम तापमान: 41°C
– न्यूनतम तापमान: 30°C
– हल्की बारिश और तेज हवाओं के आसार
– गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है

लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।

लोगों को गर्मी से राहत, किसानों की बढ़ी उम्मीदें

प्री-मानसून बारिश ने जहां आम लोगों को राहत दी है, वहीं किसानों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं। अगर अगले कुछ दिनों में मानसून सक्रिय होता है, तो खेती-किसानी की तैयारियां तेजी पकड़ सकती हैं।

प्रदेशभर में अब लोगों की नजरें मानसून की आधिकारिक एंट्री पर टिकी हुई हैं।

Exit mobile version