Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

छत्तीसगढ़ में मौसम ने ली करवट, कई जिलों में बारिश और बिजली का अलर्ट

रायपुर । छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में सुबह से काले बादल छाए हुए हैं और हल्की बूंदाबांदी के चलते लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। मौसम विभाग ने 15 जुलाई से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया गया है।

अब तक सामान्य से 29 प्रतिशत कम हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम शुष्क रहा, लेकिन आगामी 24 घंटों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अब तक छत्तीसगढ़ में सामान्य से 29 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

रायपुर में सुबह से छाए काले बादल

राजधानी रायपुर में सुबह से आसमान बादलों से ढका हुआ है। कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग ने रायपुर के लिए भी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने बताया क्यों बदलेगा मौसम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून द्रोणिका वर्तमान में जम्मू, देहरादून, बाराबंकी, पटना, बांकुरा और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है। वहीं उत्तर बंगाल की खाड़ी और दक्षिण बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटों में उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी।

इन इलाकों में हो सकती है अच्छी बारिश!

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ में बारिश का असर अधिक देखने को मिल सकता है। कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।

रायपुर का आज का मौसम

रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में तेज हवा, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

वहीं बीजापुर, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, कोरिया सहित कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज-चमक और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।

Exit mobile version