Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

वैशाली नगर के अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का नाम पद्म विभूषण तीजन बाई के नाम पर हो : विधायक रिकेश सेन

* वैशाली नगर के अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का नाम पद्म विभूषण तीजन बाई के नाम पर हो : विधायक रिकेश सेन…

भिलाई नगर ; छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को विश्व मंच पर अमिट पहचान दिलाने वाली पद्म विभूषण एवं सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई के निधन पर वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की है।

उन्होंने कहा कि तीजन बाई केवल एक लोक कलाकार नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक अस्मिता की जीवंत पहचान थीं। उनका स्वर भले ही आज शांत हो गया हो, लेकिन उनकी पंडवानी की गूंज सदियों तक जनमानस को प्रेरित करती रहेगी।

इस अवसर पर विधायक रिकेश सेन ने तीजन बाई की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र में स्वीकृत एक हजार सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का नाम ‘पद्म विभूषण तीजन बाई ऑडिटोरियम’ रखा जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनकी महान कला, संघर्ष और सांस्कृतिक योगदान से प्रेरणा ले सकें।

विधायक श्री सेन ने बताया कि इस संबंध में वे शीघ्र ही दुर्ग जिला कलेक्टर एवं नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त को औपचारिक पत्र लिखकर ऑडिटोरियम का नाम तीजन बाई के नाम पर रखने का आग्रह करेंगे।

उन्होंने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी को गांव की चौपाल से उठाकर विश्व के प्रतिष्ठित मंचों तक पहुंचाया। ऐसे महान व्यक्तित्व के सम्मान में यदि हमारी नई सांस्कृतिक धरोहर उनके नाम से जानी जाए, तो यह पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय होगा।

विधायक रिकेश सेन ने कहा कि तीजन बाई का जीवन संघर्ष, साधना और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। उनकी स्मृतियों को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज और शासन, दोनों की जिम्मेदारी है। उनके नाम पर ऑडिटोरियम का नामकरण न केवल एक कलाकार को सच्ची श्रद्धांजलि होगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति के प्रति सम्मान का भी प्रतीक बनेगा।

Exit mobile version