पूजा पैकरा केस में उबला आदिवासी समाज: पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कलेक्टर-एसपी का घेराव, सौंपा ज्ञापन
एफआईआर के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर फूटा गुस्सा; समाज ने कहा- न्याय मिलने तक थमेगा नहीं संघर्ष
आईसी मार्ट के अवैध निर्माण की जांच और पीड़ित परिवार को सुरक्षा व मुआवजा देने की मांग; सर्व समाज के दिग्गजों ने दी आंदोलन की चेतावनी
कोरिया/बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में आदिवासी समाज की बेटी पूजा पैकरा की आत्महत्या का मामला अब एक बड़े सामाजिक और राजनीतिक आंदोलन में तब्दील हो गया है। प्रकरण में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी में हो रही देरी को लेकर सर्व आदिवासी समाज ने सीधे तौर पर मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को पूर्व विधायक एवं समाज के संरक्षक गुलाब कमरो के नेतृत्व में समाज के जिला पदाधिकारियों और भारी संख्या में प्रतिनिधियों ने कड़े आक्रोश के बीच जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक (SP) से मुलाकात की और एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ त्वरित, निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की हुंकार भरी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक और पुलिस प्रमुखों को दोटूक अवगत कराया कि इस बेहद संवेदनशील प्रकरण में नामजद आरोपियों की खुलेआम घूमना समाज के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है, जिससे पूरे अंचल के आदिवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
बेटी को न्याय दिलाने समाज पूरी मजबूती से खड़ा, चुप नहीं बैठेंगे: गुलाब कमरो
प्रशासनिक घेराव के दौरान पूर्व विधायक एवं समाज के संरक्षक गुलाब कमरो ने कानून व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाते हुए कहा, “आदिवासी समाज अपनी बेटी पूजा पैकरा को न्याय दिलाने के लिए पूरी मजबूती के साथ उठ खड़ा हुआ है। पुलिस को बिना किसी रसूख या दबाव के सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजना चाहिए।”
कमरो ने प्रशासन को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए आगे कहा, “यदि समय रहते दोषियों की गिरफ्तारी और न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो सर्व आदिवासी समाज लोकतांत्रिक तरीके से जिलाव्यापी व्यापक आंदोलन और चक्काजाम करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं जिला प्रशासन की होगी।”
ज्ञापन की मुख्य मांगें: अवैध निर्माण की जांच और पीड़ित परिवार को मिले सुरक्षा
संयुक्त प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य रूप से तीन बड़ी मांगें पुरजोर तरीके से उठाई गईं:
- तत्काल गिरफ्तारी: पूजा पैकरा को आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर करने वाले एफआईआर में दर्ज सभी आरोपियों की अविलंब धरपकड़ हो।
- आईसी मार्ट पर कार्रवाई: पूरे शहर में चर्चा का विषय बने ‘आईसी मार्ट’ के कथित अवैध निर्माण की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और नियमानुसार उस पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
- पारिवारिक संबल व सुरक्षा: पीड़ित परिवार में फैले भय के माहौल को देखते हुए उन्हें पर्याप्त सुरक्षा, तत्काल आर्थिक सहायता (मुआवजा) और हरसंभव शासकीय सहयोग उपलब्ध कराया जाए ताकि कानून पर उनका विश्वास कायम रहे।
प्रदर्शन में उमड़ा सर्व समाज, दिग्गजों ने एक सुर में भरी हुंकार
”आदिवासी बेटी को न्याय मिले और दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई हो” के नारों के साथ हुए इस प्रदर्शन में क्षेत्र के तमाम सामाजिक और राजनैतिक दिग्गजों का जमावड़ा रहा।
इस दौरान सर्व आदिवासी समाज के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कंवर समाज के जिलाध्यक्ष मनियार सिंह, आदिवासी कांग्रेस एमसीबी के जिलाध्यक्ष अमोल सिंह, जनपद पंचायत बैकुंठपुर के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, जनपद सदस्य प्रकाश चंद्र पैकरा, डॉ. आर.एस. चंदे, अमर सिंह, जितेंद्र पैकरा, अविनाश पाठक, सुरेश इक्का सहित सर्व आदिवासी समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्य एवं विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि बहुत बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक आवाज में निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने की मांग दोहराई है।