Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

कंपोजिट शराब दुकान में लाखों की चोरी, शातिर चोरों ने दिया बड़ी वारदात को अंजाम

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सरोना इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां स्थित एक सरकारी कंपोजिट शराब दुकान में शातिर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने न सिर्फ दुकान का ताला तोड़ा, बल्कि करीब 7 लाख रुपये से भरा भारी-भरकम लॉकर ही उखाड़कर अपने साथ ले उड़े। इस हाई-प्रोफाइल चोरी के बाद आबकारी विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पूरा मामला रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।

सबूत मिटाने के लिए चोरों ने चली ‘मास्टर’ चाल

यह चोरी साधारण नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ की गई थी। शातिर चोरों को पता था कि दुकान में सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगे हैं, इसलिए वे अपने पीछे कोई सबूत नहीं छोड़ना चाहते थे। चोर दुकान के अंदर लगे कैमरों का DVR (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) और चार कीमती स्कैनर भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।

घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह करीब 10 बजे दुकान का सुपरवाइजर वहां पहुंचा। दुकान का नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी सूचना सीनियर अधिकारियों को दी, जिसके बाद आबकारी विभाग और पुलिस की टीम डॉग स्क्वॉड के साथ मौके पर तफ्तीश के लिए पहुंची।

गार्ड पर गहराया शक!

इस पूरी वारदात में दुकान की सुरक्षा में तैनात गार्ड की भूमिका पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस और आबकारी अधिकारियों ने जब घटना के बाद गार्ड से संपर्क करने की कोशिश की, तो पहली बार उसने फोन उठाया। गार्ड ने बताया कि जब उसने आखिरी बार देखा था, तब दुकान का ताला बंद था।

लेकिन इसके ठीक बाद जब पुलिस ने उससे दोबारा संपर्क करना चाहा, तो उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। गार्ड का अचानक फोन बंद करना और गायब होना पुलिस के शक को यकीन में बदल रहा है। फिलहाल पुलिस की कई टीमें इस संदिग्ध गार्ड और अज्ञात चोरों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Exit mobile version