Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

जिला साक्षरता अधिकारी की टीम द्वारा विकासखंड राजनांदगांव के हायर सेकेंडरी स्कूलों का किया अवलोकन

 


कलेक्टर जितेंद्र यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुरूचि सिंह एवं जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास कुमार सिंह बघेल के मार्गदर्शन में आज जिले के शिक्षा विभाग की टीम द्वारा विकासखंड राजनांदगांव के हायर सेकेंडरी स्कूलों का अवलोकन किया गया। यह अवलोकन जिला साक्षरता अधिकारी श्रीमती रश्मि सिंह के नेतृत्व में किया गया।
टीम में एपीसी श्रीमती प्रणिता शर्मा एवं एपीसी श्रीमती कामिनी साहू सम्मिलित रहीं।
अवलोकन के दौरान विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थियों से संवाद किया गया। टीम द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए परीक्षा तैयारी हेतु मार्गदर्शन प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के कमजोर एवं सशक्त विषय क्षेत्रों की पहचान कर बेहतर तैयारी के लिए उपयोगी सुझाव दिए गए। साथ ही विषय शिक्षकों से नियमित मार्गदर्शन लेने, परीक्षा पूर्व शाला में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा जिले द्वारा संचालित ऑनलाइन कोचिंग कक्षाओं का अध्ययन-अध्यापन में नियमित उपयोग करने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त जिले द्वारा उपलब्ध कराए गए प्रश्न बैंक एवं विगत वर्षों के प्रश्न पत्रों के माध्यम से तैयारी को और अधिक सुदृढ़ करने के सुझाव भी दिए गए।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन राजनांदगांव द्वारा इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में कई नवाचार किए गए हैं। इनमें विषय विशेषज्ञों द्वारा निर्मित प्रश्न बैंक तथा यूट्यूब लिंक के माध्यम से स्कूलों तक उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन कोचिंग कक्षाएं प्रमुख हैं, जिनका विद्यार्थियों को सकारात्मक लाभ एवं उत्साहजनक प्रतिसाद मिल रहा है।
इसी क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग एवं जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग की टीम द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन अवलोकन किया जा रहा है, ताकि बोर्ड परीक्षा परिणामों में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जा सके।
आज के अवलोकन में विकासखंड राजनांदगांव के खैरागढ़ीटी हायर सेकेंडरी स्कूल, सेजस घूमका एवं हाई स्कूल ऊपरवाह शामिल रहे।

Exit mobile version