Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

जामुल में होगी 28 दिसंबर से प्रदेश की सबसे भव्य श्रीराम कथा, 11,111 कलश यात्रा बनेगी आकर्षण

* शिवपुरी स्टेडियम में 28 दिसंबर से 6 जनवरी तक गूंजेगी रामकथा, प्रदेश में उत्साह…
* सनातन उत्सव मेला और विशाल शोभायात्रा बनाएंगे जामुल की राम कथा को ऐतिहासिक, लाखों श्रद्धालुओं के उमड़ने की संभावना…

जामुल (दुर्ग): छत्तीसगढ़ की धर्मनगरी जामुल इस वर्ष के अंत में एक दिव्य और भव्य आध्यात्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। शिवपुरी स्टेडियम, जामुल में 28 दिसंबर 2025 से 6 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा महायोजना को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है। आठ हजार से अधिक आयोजक परिवार पिछले दस माह से निरंतर तैयारियों में जुटे हुए हैं।

कथा व्यास के रूप में परम पूज्य श्रीमज्जगद्गुरु रामानुजाचार्य श्री स्वामी डॉ. राघवाचार्य जी महाराज (पीठाधीश्वर-श्रीराम लला सेवा सदन, रामकोट अयोध्या) कथा का दिव्य वाणी से वाचन करेंगे। आयोजन में देश भर से प्रतिष्ठित संत, महंत, धर्माचार्य और कथावाचकों के सम्मिलित होने की संभावना है।

श्रीराम कथा के उद्घाटन दिवस पर 11,111 माताओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विविध वाद्य-यंत्रों की टोली शामिल होगी। यह शोभायात्रा 28 दिसंबर को सुबह 11 बजे शिवपुरी स्टेडियम से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए कथा स्थल में पहुंचेगी। वही इस शोभायात्रा में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है, जबकि प्रतिदिन 30 हजार से अधिक भक्त कथा श्रवण हेतु पहुंचेंगे।

आयोजन स्थल पर सनातन उत्सव मेला भी लगाया जाएगा, जिसमें 25 बड़े झूले और सैकड़ों दुकानें आकर्षण का केंद्र होंगी। दिव्य सजावट, भजन-कीर्तन की गुंज, संत-महंतों की उपस्थिति और श्रद्धालुओं का सैलाब इस आयोजन को प्रदेश का अब तक का सबसे भव्य धार्मिक उत्सव बनाने जा रहा है। उक्त जानकारी प्रेस वार्ता के माध्यम से ईश्वर उपाध्याय द्वारा प्रदान की गई।

Exit mobile version