Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

कुंडेलभाठा धान संग्रहण केंद्र में ठेकाकर्मियों की हड़ताल, पीएफ भुगतान की मांग : समझाईस के बाद मामला शांत

गरियाबंद। धान संग्रहण केंद्र कुंडेल भाठा में ठेका कर्मियों द्वारा आज एक बार फिर कामकाज ठप कर दिया गया था, कर्मचारियों द्वारा गेट के सामने बैठकर प्रबंधन और ठेकेदारी व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की गई।

ठेका कर्मियों द्वारा पीएफ भुगतान में लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी के आरोप लगाये गये, उन्होंने कहा कि बार-बार इसके लिये उन्हें सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। हमने पहले भी चेतावनी दी थी।

विगत 23 जुलाई 2025 को भी कर्मचारियों द्वारा इसी मुद्दे पर हड़ताल की गयी थी। उस समय जिला विपणन अधिकारी (DMO) ने 40% पीएफ राशि देने का भरोसा दिलाया था। किन्तु करीब एक माह बीत जाने के बाद भी अधिकांश कर्मियों के खातों में राशि जमा नहीं की गई। जिसे लेकर उन्होंने आज काम बंद कर दिया था,

किन्तु समाचार लिखे जाने तक प्राप्त जानकारी के अनुसार अधिकारियों की समझाईस के बाद मामला शांत हो गया है। ठेका कर्मी काम पर लौट आये हैं।

आपको बता दें कि हड़ताल की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर पुलिस की टीम, जिला विपणन अधिकारी अमित चंद्राकर, तहसीलदार अंजलि खलखो और जिला खाद्य अधिकारी अरविंद दुबे मौके पर पहुंचे थे, अधिकारियों द्वारा हड़ताली कर्मियों से चर्चा कर उन्हें आश्वस्त किया गया, जिसके बाद धान संग्रहण केंद्र में कामकाज पुनः प्रारंभ हो गया है।

Exit mobile version