Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

15 दिनों तक बंद रहेंगी शराब दुकानें, छत्तीसगढ़ शासन ने जारी किया आदेश…

राजिम : (राजिम) कुंभ कल्प मेला के मद्देनजर छत्तीसगढ़ शासन ने 12 फरवरी से लेकर 26 फरवरी 2025 तक शराब दुकानों को बंद रखने का आदेश जारी किया है। महामाघी पूर्णिमा से लेकर महाशिवरात्रि पर्व तक चलने वाले इस धार्मिक मेले के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय छत्तीसगढ़ शासन ने लिया है।

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, रायपुर जिले के गोबरा नवापारा , गरियाबंद जिले के राजिम और धमतरी जिले के मगरलोड सहित कुल 6 शराब दुकानें इस अवधि में पूरी तरह से बंद रहेंगी। आबकारी विभाग ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं, और संबंधित जिलों के प्रशासन को इसका सख्ती से पालन कराने को कहा गया है ।

स्थानीय लोगों और भक्तों ने इस फैसले का किया स्वागत

इस फैसले को लेकर स्थानीय लोग और श्रद्धालु दोनों ही संतुष्ट नजर आ रहे हैं। वहीं लोगों का कहना है कि , धार्मिक आयोजन के दौरान शराब बिक्री पर रोक लगाना एक सकारात्मक पहल है, जिससे मेले की गरिमा बनी रहेगी और श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान के धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो सकेंगे।

भक्तों के लिए विशेष इंतजाम

राजिम कुंभ कल्प मेला में देशभर से हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं । धार्मिक आयोजनों की पवित्रता बनाए रखने और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से शराब बिक्री पर रोक लगाई गई है। वहीं प्रशासन ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं कि इस दौरान शराब की अवैध बिक्री न हो।

Exit mobile version