गरियाबंद। वनमंडल गरियाबंद के अंतर्गत वन परिक्षेत्र गरियाबंद के ग्राम केराबहरा (ग्राम पंचायत जोबा) में पिछले कुछ समय से तेंदुए की लगातार गतिविधियां देखी जा रही थीं। ग्रामीणों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुये वन विभाग द्वारा लगाये गये केज ट्रैप (पिंजरे) में शुक्रवार को एक नर तेंदुआ सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया।
तेंदुए को पकड़ने के बाद तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल ने उसका विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया । इस दौरान उसकी शारीरिक स्थिति, किसी प्रकार की चोट अथवा बीमारी, शारीरिक क्षमता तथा प्राकृतिक आवास में छोड़ने की उपयुक्तता का आंकलन किया गया।
वनमंडलाधिकारी ” ससिगानंद के, ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण में तेंदुआ पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। विशेषज्ञों की रिपोर्ट के आधार पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन, नवा रायपुर अटल नगर की अनुमति प्राप्त होने के बाद तेंदुए को सुरक्षित रूप से उसके उपयुक्त प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया है।
वन विभाग द्वारा बताया गया कि पूरी प्रक्रिया वन्यजीव संरक्षण के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न की गई, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ तेंदुए की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके।
