Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति का मुद्दा विधानसभा में गूंजा_शिक्षक नेता नंदकिशोर पटेल

 


सारंगढ़ _एक बार फिर कर्मचारी हितों से जुड़ा अहम मुद्दा विधानसभा में उठाया गया। सारंगढ़ विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती उत्तरी गणपत जांगड़े ने सहायक शिक्षकों (एल.बी.) की वेतन विसंगति को लेकर सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया। प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने कहा कि कई सहायक शिक्षक 100 दिनों से अधिक समय से वेतन विसंगति के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
विधायक जांगड़े ने कहा कि शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत सहायक शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद समय पर वेतन न मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सरकार से इस समस्या का शीघ्र निराकरण करते हुए लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
इस मुद्दे पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन बरमकेला के ब्लॉक संयोजक नंदकिशोर पटेल, जिला संयोजक, ब्लॉक अध्यक्ष (का) एवं सहायक शिक्षक फेडरेशन बरमकेला के पदाधिकारियों ने विधायक के प्रयासों का समर्थन किया। उन्होंने इसे कर्मचारी हित में एक सराहनीय और आवश्यक कदम बताया।
विधानसभा में सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति का मुद्दा उठाए जाने से क्षेत्र के शिक्षकों एवं कर्मचारी संगठनों में सकारात्मक माहौल बना है और जल्द समाधान की उम्मीद जताई जा रही है।

Exit mobile version