Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

नशे पर नजर और सफाई पर ध्यान : सहयोग और सजगता से पैरी घुम्मर का बढ़ेगा महत्व

गरियाबंद। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पैरी घुम्मर को स्वच्छ, सुरक्षित और आकर्षक बनाए रखने के लिये स्थानीय ग्रामीणों एवं पुलिस प्रशासन द्वारा संयुक्त पहल की गई। इस दौरान पर्यटन स्थल परिसर में श्रमदान कर साफ-सफाई अभियान चलाया गया तथा नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिये विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में जुटकर पर्यटन स्थल परिसर में फैले प्लास्टिक, कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों की सफाई की। ग्रामीणों के इस सामूहिक प्रयास से पैरी घुम्मर का वातावरण अधिक स्वच्छ और आकर्षक दिखाई देने लगा है। प्रशासन ने इस जनसहभागिता की सराहना करते हुए इसे पर्यटन संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

वहीं पुलिस प्रशासन ने पर्यटन स्थल पर नशाखोरी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थल में नशीले पदार्थों का परिवहन, सेवन अथवा सार्वजनिक स्थान पर नशे की अवस्था में पाए जाने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।

प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ-साथ स्थल की स्वच्छता बनाए रखने में भी सहयोग करें। कचरा निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें तथा पर्यटन स्थल की गरिमा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन का मानना है कि स्वच्छता, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता के संयुक्त प्रयासों से पैरी घुम्मर का पर्यटन महत्व और अधिक बढ़ेगा तथा यह स्थल पर्यटकों के लिए एक आदर्श गंतव्य के रूप में विकसित होगा।

Exit mobile version