कलेक्टर ने ली साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक
* एग्रीस्टेक के लंबित कार्य मिशन मोड में पूर्ण करने के दिए निर्देश…
* खाद्य प्रतिष्ठानों में डेयरी एनालॉग के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के दिए निर्देश…
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़ 24 न्यूज़) 25 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की सघन समीक्षा की। उन्होंने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने तथा लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकृत करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों की नियमित समीक्षा करते हुए समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े राजस्व प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा पात्र पक्षकारों को समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। राजस्व विभाग द्वारा लगातार शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध अतिक्रमण के विरूद्ध कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ने शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने तथा अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शेष छूटे हुए किसानों के प्रकरणों का निराकरण करते हुए एग्रीस्टेक बकेट क्लेम के कार्य को मिशन मोड में पूर्ण करने कहा। ताकि वे शासन की योजनाओं का लाभ ले सकें। उन्होंने सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को गिरदावरी कार्य की नियमित समीक्षा करने तथा पटवारी एवं सर्वेयर द्वारा त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने खाद्य प्रतिष्ठानों में डेयरी एनालॉग के निर्माण, भंडारण एवं विक्रय के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को दिए।
उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने सीएम जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन, पीजी, पीजी पोर्टल एवं कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने तथा आवेदकों को समय पर राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से अधिक से अधिक लोगों को करें लाभान्वित –
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि यह शासन की महत्वपूर्ण योजना है। जिले में अब तक 5 हजार 242 से अधिक घरों में सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में और तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर आयोजित करने तथा बैंक, विद्युत विभाग एवं वेंडर्स के साथ समन्वय कर योजना का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार एवं लाभ पहुंचाने कहा।
उन्होंने कहा कि योजना के अंतर्गत शासन द्वारा हितग्राहियों को सब्सिडी प्रदान की जा रही है तथा बिजली बिल को शून्य करने की दिशा में यह योजना प्रभावी साबित हो रही है। उन्होंने जनसामान्य को योजना की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं ग्रामीण के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूर्ण करने तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने कहा।
एचपीवी वैक्सीनेशन को प्राथमिकता से पूर्ण करने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी बालिकाओं के एचपीवी वैक्सीनेशन कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिले में अब तक 7 हजार 515 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाए जाने की जानकारी दी गई। उन्होंने वैक्सीनेशन कार्य में और तेजी लाने कहा।
उन्होंने हाई रिस्क गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य की सतत निगरानी करने तथा उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग में चल रही भर्ती प्रक्रिया में भी तेजी लाने कहा। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत रेडी टू ईट वितरण, आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति एवं बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास के लिए पौष्टिक आहार, पोषण एवं स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आश्रम-छात्रावासों में सुविधाएं एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने कहा –
कलेक्टर ने आश्रम एवं छात्रावासों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बच्चों को पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्रावासों के दरवाजों एवं खिड़कियों में मच्छर जाली लगाने तथा पर्याप्त संख्या में पंखों की व्यवस्था करने कहा।
उन्होंने छात्रावासों में पेयजल का नियमित जांच कराने के निर्देश लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दिए। साथ ही रसोई घर में स्वच्छता एवं हाईजीन का विशेष ध्यान रखने कहा, ताकि बच्चे स्वस्थ रहें और पढ़ाई पर बेहतर ढंग से ध्यान केंद्रित कर सकें।
घुमंतू मवेशियों को गौशाला एवं कांजी हाउस में रखने के दिए निर्देश –
कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों को गौशाला एवं कांजी हाउस में रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर बैठे मवेशियों को रेडियम बेल्ट लगाने तथा इसके लिए पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की रोस्टर के अनुसार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने सीटी गैस पाईप लाईन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के कहा। कलेक्टर ने शेष पौधरोपण कार्य को भी शीघ्र पूर्ण करने कहा। जिले में 2 हजार पीपल के पौधों का रोपण किया जा रहा है। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री जीआर मरकाम सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
