Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

खेत में अधेड़ का शव, गांव में दहशत का माहौल

रिपोर्टर – ओंकार शर्मा, गरियाबंद (छत्तीसगढ़)

बाजार से लौटने के बाद लापता अधेड़… खेत में मिला सड़ी-गली हालत में शव… फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत, पुलिस जांच में जुटी।
गरियाबंद जिले के छुरा थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के खेत में एक अधेड़ का सड़ी-गली हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक पांच दिन से लापता था और अब उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
छुरा थाना क्षेत्र के झरगांव के खपरा पारा में उस वक्त सनसनी फैल गई जब ग्रामीणों ने खेत में एक शव पड़ा देखा। शव की पहचान 45 वर्षीय गंगाधर ध्रुव के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक गंगाधर बुधवार की शाम बाजार से लौटने के बाद अचानक लापता हो गया था।
परिजन पहले इसे सामान्य मान रहे थे, क्योंकि गंगाधर पहले भी कई बार घर से अचानक गायब हो चुका था। इसी वजह से गुमशुदगी की रिपोर्ट पांच दिन बाद दर्ज कराई गई। लेकिन इस बार मामला गंभीर निकला और खेत में शव मिलने से गांव में दहशत का माहौल बन गया। शव की हालत देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले ही हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए महासमुंद से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर बुलाई गई। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं। अब पुलिस जांच कर रही है कि गंगाधर की मौत स्वाभाविक थी या इसके पीछे किसी साजिश का हाथ है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही रहस्य से पर्दा उठेगा।

Exit mobile version