सरगुजा आईजी ने की ‘ट्रैफिक मैन’ डॉ. महेश मिश्रा के कार्यों की सराहना, 5 हजार रुपये नगद इनाम से किया सम्मानित
बैकुंठपुर (कोरिया)
कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के यातायात विभाग में पदस्थ और ‘ट्रैफिक मैन’ के नाम से विख्यात राष्ट्रपति पदक प्राप्त हवलदार डॉ. महेश मिश्रा ने एक बार फिर जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। यातायात जन जागरूकता, सड़क सुरक्षा, सामुदायिक पुलिसिंग और समाज सेवा के क्षेत्र में उनकी कर्तव्यनिष्ठ साधना को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक (IG) सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने उनके उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की है। आईजी ने डॉ. मिश्रा की हौसलाअफजाई करते हुए उन्हें 5 हजार रुपये का नगद पुरस्कार प्रदान किया है।
आला अधिकारियों ने भी बढ़ाया मान
आईजी सरगुजा रेंज के साथ-साथ डीआईजी नगरसेना राजेश पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक (SP) कोरिया ने भी डॉ. महेश मिश्रा के समर्पण और तत्परता की खुलकर तारीफ की। अधिकारियों ने उनके कार्यों को पुलिस विभाग और नगर सेना के लिए अनुकरणीय बताते हुए 5-5 सौ रुपये का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अधिकारियों का कहना है कि डॉ. मिश्रा जिस लगन और मेहनत से जनहित के कार्यों में जुटे रहते हैं, उससे विभाग की छवि जनता के बीच बेहद मजबूत हुई है।
यातायात नियमों पर रिसर्च कर हासिल की है ‘पीएचडी’ की उपाधि
गौरतलब है कि हवलदार डॉ. महेश मिश्रा सिर्फ सड़क पर ही मुस्तैद नहीं रहते, बल्कि वे बौद्धिक स्तर पर भी समाज को जागरूक कर रहे हैं। उन्होंने हाल ही में “यातायात नियमों के परिपालन संबंधी जागरूकता का अध्ययन छत्तीसगढ़ राज्य के कोरिया जिले के विशेष संदर्भ में” विषय पर गहन शोध (Research) किया है, जिसके लिए उन्हें ‘पीएचडी’ (PhD) की मानद उपाधि से भी नवाजा गया है। वे अपने ज्ञान और अनुभव का उपयोग मैदानी स्तर पर लोगों की जान बचाने के लिए कर रहे हैं।
सम्मानित होने के बाद डॉ. मिश्रा की अपील: “लापरवाही ले सकती है जान”
इस बड़े सम्मान और नगद पुरस्कार की प्राप्ति के बाद डॉ. महेश मिश्रा ने भावुक होते हुए सभी वाहन चालकों और राहगीरों से एक बेहद जरूरी अपील की है। उन्होंने कहा, “याद रखें, सड़क दुर्घटनाएं अपने आप नहीं होतीं। सड़क पर चलते समय की गई ज़रा सी लापरवाही आपकी खुद की और दूसरों की जान जोखिम में डाल सकती है।” उन्होंने सभी से अनिवार्य रूप से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी सुरक्षित रखने में यातायात पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया ताकि हर व्यक्ति सुरक्षित अपने घर पहुंच सके।