राजनांदगांव : अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ डोंगरगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 45 पौवा देशी प्लेन शराब जब्त की है। पुलिस के मुताबिक जब्त शराब की कुल मात्रा 8.100 बल्क लीटर है, जिसकी कीमत करीब ₹3,600 बताई गई है।
पुलिस को 11 अगस्त को सूचना मिली थी कि ग्राम कुमरदा बस स्टैंड के पास बरगद पेड़ के नजदीक एक व्यक्ति अवैध शराब बिक्री के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कमलेश कुमार साहू (41), निवासी ग्राम कुमरदा को पकड़ा। तलाशी में उसके लाल-पीले रंग के थैले से 45 पौवा शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब रखने और बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद थाना डोंगरगांव में अपराध क्रमांक 248/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई में निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रमाकांत कुरें, प्रधान आरक्षक सुरेश सिंह राजपूत और आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
