गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव । लखोली स्कूल मैदान में क्षेत्र के युवाओं एवं खिलाड़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात के रूप में हाईमास्ट लाइट स्थापना हेतु विधिवत भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा स्कूल मैदान में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए लखोली निवासी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के शहर महामंत्री आशीष सोरी के प्रयासों से हाईमास्ट लाइट की स्वीकृति प्राप्त हुई। भूमि पूजन कार्यक्रम उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी, सांसद संतोष पांडेय, नगर के प्रथम नागरिक महापौर मधुसूदन यादव एवं पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की अनुशंसा एवं विशेष सहयोग से लखोली स्कूल मैदान में हाईमास्ट लाइट की स्वीकृति मिली है। क्षेत्रवासियों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे लखोली क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा के शहर महामंत्री आशीष सोरी ने कहा कि “लखोली स्कूल मैदान में हाईमास्ट लाइट लगने से यहां के खिलाड़ियों, युवाओं एवं बच्चों को बहुत लाभ मिलेगा। अब शाम एवं रात्रि के समय भी खेल गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकेंगी। इससे युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्र में खेल के स्तर को नई दिशा प्राप्त होगी। लंबे समय से यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब हाईमास्ट लाइट लगने के बाद खेल मैदान और अधिक सुविधायुक्त बन जाएगा।”
उन्होंने आगे कहा कि “लखोली क्षेत्र के विकास एवं युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और युवाओं की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया जाता रहेगा।”
कार्यक्रम में पार्षद गिरजा संतोष निर्मलकर की विशेष गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही लखोली निवासी विनोद साहू, प्रकाश यादव, हरीश सोरी, मोनू साहू, उमेश साहू, शानू खान, धर्मेंद्र साहू, गौरव सोरी एवं शिव सोनकर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही। सभी ने हाईमास्ट लाइट की स्वीकृति एवं भूमि पूजन कार्यक्रम को लखोली क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
क्षेत्रवासियों ने विश्वास जताया कि हाईमास्ट लाइट स्थापित होने के बाद लखोली स्कूल मैदान में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण प्राप्त होगा तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी सुविधा होगी। लखोलीवासियों ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए जनप्रतिनिधियों एवं सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
