पिल्ले बयानबाजी छोड़ जनता की सेवा पर ध्यान दें : शिव वर्मा
*भूमिपूजन कार्यक्रम में आमंत्रण की बजाय विकास कार्यों में सहयोग की दी सलाह—
राजनांदगांव। नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व अध्यक्ष तथा वर्तमान पार्षद शिव वर्मा ने नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के हालिया बयानों पर पलटवार करते हुए उन्हें भाजपा नेताओं के खिलाफ बयानबाजी से बाज आने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यदि वास्तव में जनता के बीच अपना खोया हुआ जनाधार वापस पाना है तो आमंत्रण और सम्मान की राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा तथा शहर के विकास कार्यों पर ध्यान देना होगा।
श्री वर्मा ने कहा कि 44 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम में आमंत्रण नहीं मिलने को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा जिस तरह की बयानबाजी की जा रही है उससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें विकास से ज्यादा सम्मान और निमंत्रण की चिंता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष दोनों की अपनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, लेकिन विपक्ष का दायित्व केवल आरोप-प्रत्यारोप लगाना नहीं, बल्कि जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग करना भी है।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के महापौर सहित अन्य नेताओं के खिलाफ अनर्गल और बकवास भरे बयान देने के बजाय उन्हें जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को भी नगर निगम में पांच वर्ष तक सेवा करने का अवसर दिया था लेकिन जनता ने यदि चुनाव में उन्हें विपक्ष में बैठाया है तो इसके पीछे जनता का अपना निर्णय और जनादेश है। विपक्ष में रहकर भी जनता की सेवा करने के पर्याप्त अवसर होते हैं।
श्री वर्मा ने कहा कि सम्मान और आमंत्रण मांगने से नहीं, बल्कि जनता के बीच लगातार काम करने से मिलता है। यदि कांग्रेस नेता वास्तव में जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहते हैं तो उन्हें राजनीतिक बयानबाजी से हटकर वार्डों में जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कराने में भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास के लिए होने वाले भूमिपूजन और निर्माण कार्य किसी एक राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि पूरे शहर और जनता के हित से जुड़े होते हैं। ऐसे कार्यक्रमों को राजनीतिक विवाद का विषय बनाने के बजाय सभी जनप्रतिनिधियों को विकास कार्यों में सहयोग करना चाहिए।
पक्ष-विपक्ष और आमंत्रण-निमंत्रण के चक्कर में उलझने के बजाय जनता के हित में सकारात्मक भूमिका निभाना ही लोकतंत्र की स्वस्थ परंपरा है। श्री वर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को चाहिए कि वे भाजपा नेताओं पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने के बजाय शहर के विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी सकारात्मक राय रखें और जहां आवश्यक हो वहां रचनात्मक सहयोग करें। इससे न केवल नगर का विकास तेज होगा, बल्कि जनता के बीच विपक्ष की सकारात्मक छवि भी बनेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस यदि इसी तरह जनता के बीच जाकर सक्रिय रूप से काम करती है और विकास कार्यों में सहयोग करती है तो वह अपना खोया हुआ जनाधार दोबारा हासिल कर सकती है। उन्होंने संतोष पिल्ले से अपील करते हुए कहा कि वे आमंत्रण पाने की चिंता छोड़ जनता का विश्वास जीतने के लिए मैदान में उतरें और जनसेवा को प्राथमिकता दें।
