Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज डॉ. रमन सिंह की देन : शिव वर्मा

➡️ कहा – कांग्रेस का कोई योगदान नहीं

राजनांदगांव। नगर निगम भाजपा के वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की देन है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लेकर उसके संचालन तक का पूरा श्रेय डॉ. सिंह को जाता है।

श्री वर्मा ने आगे कहा कि आज जिस मुकाम पर मेडिकल कॉलेज है उसमें डॉ. सिंह की दूरदर्शिता और सतत निगरानी का अहम योगदान रहा है।अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल कॉलेज पेंड्री में अटल जी की आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी। साथ ही यहाँ सिटी स्कैन मशीन, ट्रॉमा सेंटर हेतु 30 करोड़ की लागत से कार्य चल रहे हैं और आगामी तीन माह के भीतर एमआरआई मशीन भी स्थापित की जाएगी। कॉलेज परिसर में लगातार विभिन्न निर्माण कार्य जारी हैं।

उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अब तक मेडिकल कॉलेज के लिए एक फूटी कौड़ी भी नहीं दे पाई है। कॉलेज को आज तक डॉ. रमन सिंह ही संभाल रहे हैं और आगे भी उसकी बेहतरी के लिए वही प्रयासरत रहेंगे। मेडिकल कॉलेज की वजह से न सिर्फ राजनांदगांव बल्कि आसपास के जिलों के हजारों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। साथ ही युवाओं को यहीं चिकित्सा शिक्षा का अवसर प्राप्त हो रहा है।

श्री वर्मा ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि विपक्ष केवल बयानबाज़ी करता है जबकि वास्तविक विकास कार्य भाजपा की सरकार और उसके नेतृत्व में ही संभव हुआ है।।स्थानीय राजनीतिक हलकों में शिव वर्मा का यह बयान चर्चा का विषय बना हुआ है।

राजनांदगांव से दीपक साहू की रिपोर्ट

Exit mobile version