Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

ग्राम पंचायत छिंदोला में व्याप्त भ्रष्टाचार को लेकर शिवसेना का धरना प्रदर्शन , तिरंगा चौक पर जनपद सीईओ का पुतला दहन

किरीट भाई ठक्कर , गरियाबंद। ग्राम पंचायत छिंदोला के कार्यवाहक सरपंच व पंचायत सचिव पर कार्यवाही को लेकर शिवसेना के जिला अध्यक्ष वेश राठौर के नेतृत्व में शिवसैनिकों तथा छिंदोला पंचायत के ग्रामीणों द्वारा आज शुक्रवार धरना प्रदर्शन किया गया। जनपद पंचायत की प्रभारी सीईओ पर ,पंचायतों में व्याप्त भ्रष्टाचार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुये तिरंगा चौक पर पुतला दहन भी किया गया। पश्चात जनपद कार्यालय के सामने एक दिवसीय धरना दिया गया।
शिवसेना द्वारा जारी 5 बिंदुओं के ज्ञापन के अनुसार ग्राम पंचायत छिंदोला के कार्यवाहक सरपंच संतोष कुमार ध्रुव तथा सचिव चतुर सिंह देव द्वारा फर्जीवाड़ा कर राशि गबन किया गया है , जिसकी सूक्ष्म जांच कर सरपंच को पदमुक्त व सचिव को बर्खास्त किया जावे।

गरियाबंद। शिवसेना  का धरना प्रदर्शन

विदित हो कि छिंदोला पंचायत के निर्वाचित पंच भगोली साहू,संतोषी पटेल ,कैलाश बाई , लोमीन कंवर , यशोदा कंवर, दुर्गा ध्रुव , ग्रामीण मोतिन बाई साहू , पार्वती साहू, धर्मिन साहू , देवकुंवर साहू, लता मानिकपुरी, सरिता ध्रुव, आदि द्वारा अनेकों बार पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरुद्ध कलेक्टर , जिला पंचायत सीईओ, जनपद सीईओ के समक्ष लिखित शिकायत की गई है, कार्यवाही नहीं होने पर आज जनपद के सामने धरना प्रदर्शन किया गया।

29 माह से सेल्समैन को वेतन नही

छिंदोला के सरपंच सचिव की मनमानी के चलते पिछले 29 माह से यहां संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली की राशन दुकान के सेल्समैन को वेतन नहीं मिला है। इस राशन दुकान का संचालन पंचायत द्वारा किया जाता है। सेल्समैन जितेंद्र साहू बताते है कि अब तक 6 लाख रुपये से अधिक का कमीशन पंचायत खाते में जमा हो चुका है , इसके अलावा एक लाख 78 हजार रुपये बारदाने के जमा किये गये है,किंतु मुझे मानदेय नही दिया जा रहा है।
छिंदोला के ग्रामीण सरपंच व सचिव पर बगैर प्रस्ताव 4 लाख 5 हजार रुपये की राशि आहरित कर गबन करने, आहाता निर्माण की राशि गबन करने तथा 15 वें वित्त की राशि के गबन करने का आरोप लगाते सूक्ष्म जांच की मांग कर रहे हैं। जिसको लेकर अनेकों बार उच्चाधिकारियों को आवेदन दिया गया है।
शुक्रवार शिवसेना द्वारा आयोजित एक दिवसीय धरना प्रदर्शन में शिवसेना जिलाध्यक्ष वेश राठौर ,जिला उपाध्यक्ष अरुण चौहान जिला सचिव गोलू साहू महिला सेना जिलाध्यक्ष दिव्या कश्यप महिला सेना जिला उपाध्यक्ष माधुरी नागेश कामगार जिलाध्यक्ष सुरेंद्र साहू ,शिवसेना मिडिया प्रभारी दिलीप नेताम जिला संगठन मंत्री गिरवर ठाकुर ब्लाक अध्यक्ष नंद कुमार
राजेंद्र दीवान, धर्म कँवर, दूजराम दीवान, आदि लोग उपस्थित थे।

Exit mobile version