Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

मां की दवाईयों के लिए शशि वर्मा को रेडक्रॉस से मिली आर्थिक सहायता

कलेक्टर अग्रवाल ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सौपा 10 हजार रूपये का चेक
गरियाबंद। कलेक्टर दीपक अग्रवाल ने आर्थिक सहायता के लिये प्राप्त आवेदन को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से जरूरी आर्थिक सहायता प्रदान की है,उन्होंने कुमारी शशि वर्मा को आज रेडक्रॉस की ओर से 10 हजार रूपये का चेक सौपा।
शशि वर्मा ने अपने पिता को खोने के पश्चात गरीबी हालात एवं कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण अपनी मां के इलाज के लिए जरूरी आर्थिक सहायता प्रदान करने कलेक्टर से निवेदन किया था। कलेक्टर अग्रवाल ने शशि के आवेदन को तत्परता से संज्ञान में लेते हुए रेडक्रॉस के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश सीएमएचओ को दिये थे।
जिसके बाद रेडक्रॉस फंड से उन्हें आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया। इस पर शशि वर्मा ने कलेक्टर एवं जिला प्रशासन का आभार जताया, उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता से उनकी मां की स्वास्थगत देखभाल एवं आवश्यक दवाईयों की खरीदी में सहायक होगी। जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर होगा।
डॉ. गॉर्गी यदु पाल मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं सचिव, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा गरियाबंद ने बताया कि अत्यंत गरीब स्थिति में जीवन यापन कर रही कुमारी शशि वर्मा पिता स्व.कृपाराम वर्मा ग्राम पारागांव कुटीपारा तहसील अभनपुर जिला-रायपुर को उनकी मां की दवाई खरीदने रेडक्रॉस से दस हजार रूपये चेक माध्यम से सहायता प्रदान की गई। मानव सेवा हेतु भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिले में संचालित हैं जिसमें आजीवन, उपसंरक्षक, संरक्षक सदस्यता हेतु निर्धारित शुल्क जमा कर सदस्य बने सदस्यों की संग्रहित राशि से उक्त सहायता प्रदान की जाती है। कलेक्टर की अपील के अनुसार रेडक्रॉस में समस्त विभागीय कर्मचारियों एवं आमजनों को लेकर रेडक्रॉस में अधिक से अधिक सदस्य बनाकर सहयोग प्रदान किया गया है।
Exit mobile version