सेवा सेतु पोर्टल से राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं नाम विलोपन की सुविधा हुई आसान; सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर उठा सकेंगे लाभ
बेमेतरा ; शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की दिशा में जिले में सेवा सेतु केंद्रों के माध्यम से राशन कार्ड संबंधी नई सेवाओं का शुभारंभ किया गया है। अब नागरिक राशन कार्ड में नया नाम जोड़ने तथा नाम विलोपन (हटाने) सहित अन्य संबंधित सेवाओं के लिए अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र में ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं के मार्गदर्शन में 09 जुलाई 2026 को जिला कार्यालय के दिशा सभाकक्ष में सेवा सेतु पोर्टल की पुरानी एवं नई सेवाओं के संबंध में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का आयोजन दो पालियों में किया गया। प्रथम पाली में विकासखंड बेरला एवं साजा तथा द्वितीय पाली में विकासखंड बेमेतरा एवं नवागढ़ के सेवा सेतु ऑपरेटरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण का संचालन जिला ई-गवर्नेंस एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, बेमेतरा के ई-जिला प्रबंधक श्री महेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को राशन कार्ड संबंधी ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता, पोर्टल संचालन, सेवा प्रदाय प्रणाली, निर्धारित समय-सीमा एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विवाह प्रमाण पत्र एवं नाम परिवर्तन हेतु साधारण राजपत्र अधिसूचना की ऑनलाइन प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण के दौरान सेवा सेतु ऑपरेटरों को बताया गया कि सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण किया जा रहा है तथा सभी आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। ऑपरेटरों को स्पष्ट एवं प्रमाणित दस्तावेज ही पोर्टल पर अपलोड करने तथा किसी भी प्रकार के गलत अथवा अपूर्ण दस्तावेज अपलोड नहीं करने के निर्देश दिए गए।
यह भी पढ़े ; स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत भिलाई में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे राशन कार्ड संबंधी सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने निकटतम सेवा सेतु केंद्र में आवेदन कर शासन की इस सरल, सुगम एवं जनहितैषी व्यवस्था का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
