Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में ‘सेवा-चित्र’ कार्यक्रम का आयोजन

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरेंगा में ‘सेवा-चित्र’ के जरिए विद्यार्थियों ने दिखाई ‘विकसित भारत 2047’ की कल्पना : मोनिका ऋषभ देवांगन

धमतरी। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘मेरे सपनों का भारत–विकसित भारत 2047’ के विजन को विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच से जोड़ते हुए सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खरेंगा में ‘सेवा-चित्र’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन, सभापति जिला पंचायत धमतरी, ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रंगोली, चित्रकला, पेंटिंग एवं भाषण के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप दिया। प्रस्तुतियों में स्वच्छ एवं हरित भारत, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, सौर ऊर्जा, डिजिटल इंडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नशा मुक्त भारत, मेक इन इंडिया, भारतीय सैनिकों का शौर्य, आतंकवाद एवं नक्सलवाद मुक्त भारत, सेवा भावना तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषय प्रमुख रहे।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ देश की युवा पीढ़ी के सपनों, संकल्प और सहभागिता से साकार होने वाला लक्ष्य है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले भारत की दिशा तय करेंगे, इसलिए शिक्षा के साथ कौशल, संस्कार, नवाचार, सेवा भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे उचित दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच है। ‘सेवा-चित्र’ जैसे आयोजन विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर सोचने तथा अपनी कल्पनाओं को रचनात्मक माध्यम से व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को सही अवसर और प्रोत्साहन मिले तो उनकी प्रतिभा राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति बन सकती है।

श्रीमती देवांगन ने विद्यार्थियों से अपने सपनों को लक्ष्य में बदलकर मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज विद्यार्थियों की कला और विचारों में दिखाई दे रही विकसित भारत की कल्पना ही भविष्य के भारत की वास्तविक तस्वीर बनेगी।

उन्होंने ‘सेवा-चित्र’ कार्यक्रम को विद्यार्थियों की प्रतिभा को सामाजिक सरोकारों और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने वाली सार्थक पहल बताते हुए सभी छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम में पूर्व गंगरेल मंडल अध्यक्ष श्री ऋषभ देवांगन, वरिष्ठ भाजपा नेत्री श्रीमती पद्मिनी साहू, शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष श्री मनोज कुंभकार, पूर्व अध्यक्ष श्री सुभाष साहू, उपसरपंच श्री डिसेंट साहू, सरपंच प्रतिनिधि श्री टी.आर. साहू, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, पालकगण ग्रामवासी एवं शाला के प्राचार्य, उच्चतर माध्यमिक के शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर श्रीमती मोनिका ऋषभ देवांगन ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि —अपने सपनों को लक्ष्य बनाइए, अपनी प्रतिभा को अवसर दीजिए और अपनी मेहनत को राष्ट्र निर्माण में लगाइए। आज आपकी सोच और कल्पना ही कल के विकसित भारत की तस्वीर बनेगी।”

Exit mobile version