शशिकांत सनसनी छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से वन विभाग को शर्मसार करने वाली बड़ी खबर सामने आई है। उदंती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन विभाग के सरकारी वाहन का इस्तेमाल कर लकड़ी तस्करी किए जाने का मामला उजागर हुआ है।
गरियाबंद जिले के उदंती टाइगर रिजर्व से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां वन विभाग के ही सरकारी वाहन में लकड़ी की तस्करी की जा रही थी। हैरान करने वाली बात यह है कि इस तस्करी में उदंती टाइगर रिजर्व के एसडीओ गोपाल कश्यप के पुत्र की संलिप्तता सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व क्षेत्र से अवैध रूप से लकड़ी काटकर उसे वन विभाग के सरकारी वाहन में परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों ने तस्करी करते हुए एसडीओ के पुत्र को कैमरे में कैद कर लिया।
वीडियो सामने आते ही वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सवाल यह भी उठ रहे हैं कि क्या इस पूरे मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारी भी शामिल हैं, और क्या पहले भी इसी तरह सरकारी वाहन का दुरुपयोग किया जा रहा था।
उदंती टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील और संरक्षित क्षेत्र में लकड़ी तस्करी होना वन्य जीव संरक्षण और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल मामले के सामने आने के बाद विभागीय स्तर पर जांच की बात कही जा रही है।
अब देखना यह होगा कि वन विभाग इस मामले में कितनी निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करता है, या फिर मामला दबाने की कोशिश की जाती है।