Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

“नशे को कहें ना, जीवन को कहें हाँ” : अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर जागरूकता शिविर का आयोजन

गरियाबंद। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नालसा की डॉन योजना-2025 (Drug Awareness and Wellness Navigation for a Drug-Free India) के तहत शांति मैत्री विकास संस्थान नशा मुक्ति केंद्र, गरियाबंद में विशेष विधिक जागरूकता एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन नालसा, छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के निर्देशन तथा तालुका विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश बी.आर. साहू तथा न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में नशे की लत से जूझ रहे युवाओं को संबोधित करते हुये न्यायाधीशों ने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। इसके साथ ही यह परिवार की आर्थिक स्थिति, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य को भी बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और कारोबार में शामिल लोगों का अंत भी सुखद नहीं होता। कानून की गिरफ्त में आने पर अवैध रूप से अर्जित संपत्ति तो नष्ट होती ही है, साथ ही सामाजिक सम्मान भी समाप्त हो जाता है और जीवन का बड़ा हिस्सा न्यायिक प्रक्रिया एवं कारावास में बीत सकता है।

शिविर में प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुये एनडीपीएस अधिनियम, छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम तथा नशे से संबंधित अन्य कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। उपस्थित युवाओं को नशे और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार से दूर रहने की सलाह दी गई।

कार्यक्रम में शांति मैत्री विकास संस्थान के प्रबंधक, स्टाफ एवं अन्य उपस्थितजन शामिल रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Exit mobile version