* कुंडगुड़ा मधोता 02 में स्वतंत्रता दिवस पर विकास और जनभागीदारी का संदेश…
* सरपंच ईस्पर मंडावी ने किया ध्वजारोहण, पात्र परिवारों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर दिया जोर…
इस अवसर पर ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए सरपंच ईस्पर मंडावी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का पर्व नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को समझने का अवसर है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी को सार्थक बनाने के लिए हमें अपने गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की प्राथमिकता विकास की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति और प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना है। कोई भी पात्र परिवार शासन की योजनाओं से वंचित न रहे, इसके लिए पंचायत स्तर पर लोगों को योजनाओं की जानकारी देने और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। आवास, पेंशन, राशन, रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
सरपंच ने कहा कि ग्राम विकास का मतलब केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बेहतर शिक्षा, स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सुविधाएं, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना भी है। बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर भी सभी अभिभावकों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।
उन्होंने पंचायत के विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ ग्रामीणों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पंचायत और जनता के सामूहिक प्रयास से ही गांव को विकसित और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत की बैठकों में सक्रिय भागीदारी करने तथा गांव की समस्याओं और आवश्यकताओं को सामने रखने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सरपंच ने ग्रामवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता एवं स्वच्छता बनाए रखने और शासन की योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव की प्रगति ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है और विकास की असली सफलता तब है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।