Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

राजनांदगांव की जर्जर सड़कों पर संदीप सोनी ने उठाए सवाल, कहा – जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : नगर निगम क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर युवा कांग्रेस नेता संदीप सोनी ने महापौर मधुसूदन यादव और नगर निगम प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग की है। संदीप सोनी ने शहर के कई इलाकों में जर्जर सड़कों, जगह-जगह बने गड्ढों और बारिश के बाद बढ़ी परेशानी का मुद्दा उठाते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।

संदीप सोनी का कहना है कि शहर के कई हिस्सों में सड़कें लंबे समय से खराब हैं। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कों की वजह से दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

महापौर और निगम प्रशासन से मांगा जवाब

युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी शहरवासियों को बेहतर सड़क, नाली, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उनके मुताबिक, सड़क सुधार को लेकर कई जगहों पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है।

उन्होंने महापौर मधुसूदन यादव से सवाल करते हुए कहा कि शहर की जनता लंबे समय से सड़कों की स्थिति को लेकर परेशानी जता रही है। ऐसे में निगम प्रशासन कब तक खराब सड़कों की मरम्मत कराएगा और इसके लिए क्या कार्ययोजना है, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए। संदीप सोनी ने नगर निगम से खराब सड़कों का प्राथमिकता के आधार पर सर्वे कराने और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।

सड़क सुधार के साथ निगम की कार्यप्रणाली पर भी सवाल

संदीप सोनी ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि शहर की बुनियादी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका कहना है कि गड्ढों में बारिश का पानी भरने के कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं हो पाता, जिससे परेशानी और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने निगम प्रशासन से सड़क, नाली और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की।

जमीन मामले की FIR का भी किया उल्लेख

संदीप सोनी ने अपने बयान में महापौर के भाई से जुड़े जमीन के कथित फर्जीवाड़े के मामले में दर्ज FIR का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। साथ ही उन्होंने जनता के बीच उठ रहे सवालों पर स्थिति स्पष्ट किए जाने की मांग की।

सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

संदीप सोनी ने कहा कि यदि नगर निगम प्रशासन ने जल्द ही जर्जर सड़कों की मरम्मत और आवश्यक निर्माण कार्य शुरू नहीं किए, तो युवा कांग्रेस शहर की समस्याओं को लेकर आंदोलन करने के लिए सड़क पर उतर सकती है।

उन्होंने कहा कि अब शहर की जनता यह जानना चाहती है कि नगर निगम क्षेत्र की खराब सड़कें कब सुधरेंगी और महापौर जनता के सवालों का जवाब कब देंगे। फिलहाल, सड़क सुधार की मांग को लेकर युवा कांग्रेस नेता के बयान के बाद नगर निगम प्रशासन और महापौर की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।

Exit mobile version