Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

राजनांदगांव: ‘नमस्ते दिवस’ पर स्वच्छता दीदियों को मिला सुरक्षा कवच, नगर निगम ने शुरू की नई पहल

राजनांदगांव । स्वच्छता कर्मियों के सम्मान और उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम राजनांदगांव ने मंगलवार को ‘नमस्ते दिवस’ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। निगम सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों को सुरक्षा किट वितरित किए गए और मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से उनका निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी स्वच्छता कर्मियों को दिखाया गया।

सुरक्षा किट में मिली जरूरी सामग्री

कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा, आयुक्त जी.आर. मरकाम और जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता दीदियों को सुरक्षा किट सौंपे। किट में एप्रन, रेनकोट, दस्ताने, मास्क, टोपी और सुरक्षा जूते जैसी आवश्यक सामग्री शामिल रही, ताकि बारिश और अन्य परिस्थितियों में वे सुरक्षित होकर अपना कार्य कर सकें।

स्वच्छता कर्मियों के योगदान को बताया अमूल्य

निगम अध्यक्ष टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में स्वच्छता कर्मियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसलिए उनके सम्मान के साथ-साथ उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा उपकरणों का नियमित उपयोग करने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था में स्वच्छता दीदियों का योगदान सराहनीय है। उनके सम्मान और स्वास्थ्य सुरक्षा के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सभी का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।

‘शून्य मृत्यु’ लक्ष्य के साथ चल रहा अभियान

नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने कहा कि ‘नमस्ते दिवस’ का उद्देश्य स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और स्वच्छता कार्यों में ‘शून्य मृत्यु’ (Zero Fatality) के लक्ष्य को हासिल करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का कार्य चुनौतीपूर्ण होने के बावजूद सफाई मित्र पूरे समर्पण के साथ शहर को स्वच्छ रखने में जुटे हैं।

उन्होंने बताया कि निगम लगातार वार्डों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहा है और अब बेहतर परिणामों के लिए स्मार्ट वर्किंग पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों ने अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान जनप्रतिनिधि, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।

Exit mobile version