गुरुदेव, राजनांदगांव । लालबाग थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर लोहे के रॉड और फावड़े से हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, पेंड्री निवासी हीरुराम कुंजाम ने थाना लालबाग में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी कैलाश उइके (18 वर्ष) निवासी रामनगर वार्ड नंबर 07 चिखली ने उनके पुत्र पर लोहे के रॉड और फावड़े से हमला कर गंभीर चोट पहुंचाई। हमले में युवक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल राजनांदगांव में भर्ती कराया गया।
मामले में थाना लालबाग पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गंभीर धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड और फावड़ा भी जप्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के निर्देशन में की गई।
