Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

धान बीज की गुणवत्ता पर उठे सवालों ने लिया नया मोड़, किसान ने मानी अपनी गलती

धान बीज की गुणवत्ता पर उठे सवालों ने लिया नया मोड़, किसान ने मानी अपनी गलती

धान बीज की गुणवत्ता पर उठे सवालों ने लिया नया मोड़, खेत निरीक्षण के बाद शिकायतकर्ताओं ने वापस लिया शिकायत पत्र

पाटन। धान बीज की गुणवत्ता को लेकर पाटन के लक्ष्मी कृषि केंद्र एवं बीज भंडार और रियल एग्री क्रिएशन कंपनी के विरुद्ध कृषि विभाग में की गई शिकायत का मामला अब नया मोड़ लेता नजर आ रहा है। संबंधित विक्रेता एवं कंपनी पक्ष की ओर से शिकायत को बेबुनियाद बताते हुए खेतों का निरीक्षण कराया गया। निरीक्षण के बाद संबंधित पक्षों ने दावा किया कि शिकायतकर्ताओं ने बीज विक्रेता और कंपनी की गलती नहीं होने की बात स्वीकार की है।

जानकारी के अनुसार, राकेश वर्मा पिता स्व. मोहनलाल वर्मा एवं मानसिंह वर्मा पिता स्व. जीवराखन लाल वर्मा द्वारा युगल किशोर आडिल के नेतृत्व में लक्ष्मी कृषि केंद्र एवं बीज भंडार पाटन तथा रियल एग्री क्रिएशन कंपनी के विरुद्ध धान बीज की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की गई थी।

मामले की वास्तविक स्थिति जानने के लिए मंगलवार को पाटन ब्लॉक एग्री डीलर्स के पदाधिकारियों ने किसानों की मौजूदगी में संबंधित खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान बोता और रोपा, दोनों प्लाटों में धान की फसल की स्थिति का जायजा लिया गया।

निरीक्षण में सामने आई अलग-अलग स्थिति

खेत निरीक्षण के दौरान बताया गया कि दोनों प्लाटों में धान की बालियां लगभग 75 से 80 प्रतिशत तक निकल चुकी हैं। निरीक्षण में रोपा धान में करगा की समस्या नहीं पाई गई, जबकि बोता धान में करगा दिखाई देने की बात सामने आई। संबंधित पक्षों के अनुसार, बोता धान में सामने आई समस्या खेत से जुड़ी हुई बताई गई। वहीं, दोनों प्लाटों में एक ही लॉट नंबर का बीज उपयोग किए जाने की जानकारी भी दी गई।

शिकायत वापस लेने के लिए दिया आवेदन

खेत निरीक्षण के बाद संबंधित पक्षों ने दावा किया कि किसान मानसिंह वर्मा और राकेश वर्मा ने फसल की स्थिति देखने के बाद बीज विक्रेता एवं कंपनी की गलती नहीं होने की बात स्वीकार की है। साथ ही, दोनों शिकायतकर्ताओं द्वारा कृषि विभाग में पूर्व में दिए गए शिकायत पत्र को वापस लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

इस पूरे मामले में अब खेत निरीक्षण के बाद शिकायतकर्ताओं के रुख में आए बदलाव को अहम माना जा रहा है। हालांकि, बीज की गुणवत्ता को लेकर कृषि विभाग की ओर से की गई किसी स्वतंत्र जांच या आधिकारिक निष्कर्ष की जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

ये रहे निरीक्षण में उपस्थित

खेत निरीक्षण के दौरान पाटन एग्री डीलर्स के अध्यक्ष धर्मेंद्र वर्मा, संरक्षक संतोष मिश्रा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण पटेल, कार्यकारिणी सदस्य रज्जु सोनी, राजू वर्मा एवं शेख साजिद उपस्थित रहे। वहीं, कंपनी की ओर से प्रतिनिधि यादराम साहू और प्रकाश सिन्हा सहित संबंधित किसान भी मौजूद रहे।

Exit mobile version