जैविक ईधनों पर निर्भरता कम करने जिला प्रशासन की विशेष पहल, कलेक्ट्रेट परिसर में लगाया गया पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जर
* 7.2 किलोवाट क्षमता के चार्जर से मात्र 15 रुपये प्रति यूनिट की दर से ई-वाहनों को किया जा सकेगा चार्ज
* जिले के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर 60 किलोवाट के फास्ट चार्जरों का किया जाएगा विस्तार
बालोद ; प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुरूप पर्यावरण संरक्षण और जैविक ईधनों पर निर्भरता को कम करने के उद्देश्य से बालोद जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत शासकीय कार्यों में यथासंभव वाहनों की पूलिंग व्यवस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के उपयोग हेतु निरंतर प्रेरित किया जा रहा है। इसी कड़ी में ई-वाहनों के आवागमन और चार्जिंग को सुगम बनाने के लिए संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में सर्वसुविधायुक्त पब्लिक चार्जर स्थापित किया गया है।
यह भी पढ़े ; प्रथम एजुकेशन फांउडेशन से प्रशिक्षित प्रशिक्षणार्थियों को कलेक्टर ने किया जाॅब ऑफर लेटर प्रदान दी बधाई एवं शुभकामनाएं…
जिला खनिज संस्थान न्यास के सहायक नोडल अधिकारी ने बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किए गए इस पब्लिक चार्जर की क्षमता 7.2 किलोवाट है। वाहन स्वामी इस सुविधा का उपयोग ’टाटा पावर इजेड चार्ज’ मोबाइल ऐप के माध्यम से मात्र 15 रुपये प्रति यूनिट की निर्धारित दर पर कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने जिले के सभी ई-वाहन चालकों और आम नागरिकों से इस आधुनिक सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने पर्यावरण अनुकूल अपशिष्ट और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने कलेक्ट्रेट परिसर में लगा यह चार्जर एक शुरुआती कदम है। भविष्य में ई-वाहन बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए संपूर्ण बालोद जिले के विभिन्न महत्वपूर्ण एवं सार्वजनिक स्थानों पर उच्च क्षमता वाले 60 किलोवाट के फास्ट चार्जरों का विस्तार किया जाएगा। इससे न केवल प्रदूषण में कमी आएगी, बल्कि ईंधन व्यय में बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
